दो बजे बाद नहीं हो पाईं मुफ्त जांचें
नगर संवाददाता - उदयपुर
निशुल्क जांच योजना में लगे लैब टेक्नीशियन व रेडियोग्राफर चार महीने से वेतन नहीं मिलने से खफा होकर शुक्रवार को बेमियादी हड़ताल पर उतर आए। एमबी अस्पताल की सेंट्रल लैब में टेक्नीशियनों की हड़ताल से मरीजों को खासी परेशानी हुई। दोपहर दो बजे तक स्थायी कर्मचारियों ने कुछ व्यवस्था संभाल ली, फिर अस्पताल प्रशासन ने व्यवस्था चरमराती देख सूचना सहायकों को ही सैंपल कलेक्शन में लगा दिया। दोपहर दो बजे बाद पैथोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी लैब में जांच करने वाला कोई नहीं था। इस अव्यवस्था से सबसे ज्यादा परेशानी भर्ती मरीजों को हुई। दोपहर बाद उनकी जांचें करने वाला कोई नहीं था। दोपहर बाद मरीजों को सेंट्रल लैब में ताले मिले। इस पर कम्प्यूटर कर्मी मरीजों को उल्टे पांव लौटाते रहे। मरीजों को निजी क्लिनिकों की रुख करना पड़ा।
इसलिए है नाराजगी
निशुल्क जांच योजना के तहत लगे 28 लैब टेक्नीशियन व रेडियोग्राफरों को चार महीनों से वेतन नहीं मिला है। न ही वर्क एक्सटेंशन दिया जा रहा है। उन्होंने नोडल अधिकारी व प्राचार्य को कई बार लिखित अवगत कराया है। पिछले दिनों प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि एक सप्ताह के भीतर वेतन दे दिया जाएगा।
सैंपलों की नहीं हुई जांच
सुबह की शिफ्ट में आए मरीजों के सैंपल तो ले लिए गए लेकिन अधिकांश बिना जांच पड़े रहे। फस्र्ट शिफ्ट के टेक्नीशियन निर्धारित समय तक जांचें कर घर रवाना हो गए। उसके बाद कोई टेक्नीशियन लैब में नहीं आया। कारण, डे व नाइट शिफ्ट के कर्मचारियों की ड्यूटी भी सुबह व्यवस्था संभालने में लगा दी गई थी। ऐसे में अधिकांश सैंपलों की जांचें भी नहीं हो पाई।
चार माह से नहीं मिला वेतन - एमबी अस्पताल में हड़ताल पर उतरे लैब टेक्नीशियन