- Hindi News
- वंचित बीपीएल परिवारों को बिजली कनेक्शन अस्पताल में मरीजों को मिलेगा मुफ्त भोजन
वंचित बीपीएल परिवारों को बिजली कनेक्शन अस्पताल में मरीजों को मिलेगा मुफ्त भोजन
राजसमंद. विधायक किरण माहेश्वरी ने कहा कि पूरे जिले में अब कोई भी गरीब अंधेरे में नहीं रहेगा। राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत बिजली कनेक्शन से वंचित सभी बीपीएल परिवारों को कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके लिए जिले के लिए 51 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है।
वे शहर की एक वाटिका में पत्रकार वार्ता कर रही थी। उन्होंने बताया कि उदयपुर के एमबी अस्पताल की तर्ज पर आरके अस्पताल में मरीजों व उनके साथ आने वाले तीमारदारों के लिए मुफ्त भोजन की व्यवस्था भी जल्द ही शुरू की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभाग से चर्चा की जा रही है। माहेश्वरी ने बताया कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का पूरे राज्य में बिजली की सुविधा सुधारने पर फोकस है। जिले में 31 दिसंबर 2008 से कृषि कनेक्शन अब तक नहीं दिए गए है। कांग्रेस सरकार ने पांच साल निकल जाने के बाद भी बिना कृषि कनेक्शन दिए ही अपना कार्यकाल निकाल दिया। अब फरवरी माह में सबसे पहले पेंडिंग कृषि कनेक्शन दिलवाने का काम किया जाएगा। जिले में बंद जीएसएस भी शुरू करवाए जाएंगे। शहर में डीपीआरएपी स्कीम के तहत बिजली के झूलते तार, जर्जर खंभों को बदला जाएगा। माहेश्वरी ने बताया कि हर महीने विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ा काम कराने का निर्णय लिया है।
इसके तहत जनवरी में पुराने बस स्टैंड पर रोडवेज बस स्टॉपेज का शुभारंभ करवाया था। फरवरी में शहर के प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण, सोमनाथ चौराहे से टीवीएस चौराहे तक गौरवपथ बनाने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। शहर में हर क्षेत्र में सड़कें बनाने के लिए एक करोड़ रुपए का प्रस्ताव बन चुका है। रमसा योजना के तहत जिले के सैकंडरी व सीनियर सैकंडरी स्कूलों के भवनों का जीर्णोद्घार किया जाएगा। राजसमंद में मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए पीपीपी मॉडल के तहत प्रपोजल तैयार किया जा रहा है।
सही प्रस्ताव नहीं होने से अटका राजसमंद झील संवर्धन का काम
विधायक ने बताया कि राजसमंद झील के संरक्षण व संवर्धन के लिए पूर्व में राष्ट्रीय झील संरक्षण परियोजना के तहत प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन इस प्रस्ताव में कुछ कमियां रहने से झील विकास का प्रपोजल अस्वीकृत कर दिया है। अब नया प्रपोजल तैयार किया जाएगा। इसके लिए आरयूआईडीपी के सलाहकार वीके गर्ग से चर्चा की जा रही है।