पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अब तेजी से होगा जिले का विकास : नंदलाल मीणा

अब तेजी से होगा जिले का विकास : नंदलाल मीणा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर संवाददाता. प्रतापगढ़

जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नंदलाल मीणा ने कहा कि राजस्थान प्रदेश अब विकास, जनोत्थान और तरक्की की मुख्य धारा में आने लगा है। इस दिशा में प्रतापगढ़ जिले का भी अब तीव्रतर विकास होगा। मंत्री नंदलाल मीणा ने कहा कि इसके लिए आमजन की भी सहभागिता जरूरी है। वे रविवार को गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।

शीघ्र तैयार होगा रोडवेज बस स्टैंड व डिपो

मंत्री ने कहा कि प्रतापगढ़ में रोडवेज डिपो का कार्य शुरू हो गया है। रोडवेज बस स्टैंड व डिपो शीघ्र बन कर तैयार होगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही अब वनाधिकार अधिनियम के अंतर्गत पीपलखूंट में सैंपल सर्वे के बाद सभी पात्र जनों को पट्टे दिए जाने तथा पूरे टीएसपी क्षेत्र में दुबारा सर्वे व जांच- पड़ताल के बाद गरीबों को उनके कानूनी अधिकार देकर मुख्य धारा में लाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। शहर के बीच से गुजर रहे नेशनल हाइवे के लिए बायपास की जरूरत है। शीघ्र ही बायपास का कार्य भी शुरू करवा दिया जाएगा।

वर्षा जल संरक्षण पर भी जोर दिया

प्रतापगढ़ विधायक मीणा ने आंचलिक विकास के लिए स्थानीय स्तर पर पानी की पर्याप्त उपलब्धता पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए वर्षा जल को रोक कर संग्रहित करने के लिए जगह-जगह एनिकट एवं तालाबों का निर्माण किया जाएगा। एक वर्ष में नहरी सिंचाई प्रबंधन को नया रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ में ही हाड़ी रानी बटालियन स्थापित किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पुलिस व प्रशासन को समाजकंटकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।