पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • गार्ड को चादर ओढ़ाई और गाड़ी में डाल दिया, फिर तोड़ा पार्टिशन

गार्ड को चादर ओढ़ाई और गाड़ी में डाल दिया, फिर तोड़ा पार्टिशन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर संवाददाता. उदयपुर

प्रतापनगर चौराहे पर रविवार को एटीएम उखाडऩे में नाकाम रहे बदमाश सामने से निकल गए और पुलिस कुछ नहीं कर पाई। जाप्ता पीछा करता रहा और बदमाश नाकाबंदी सहित तीन मौकों से फरार हो गए।

घटनाक्रम के मुताबिक एटीएम काउंटर के बाहर निगरानी कर रहे एक बदमाश ने पुलिस की गाड़ी देखते ही अंदर तोड़-फोड़ कर रहे साथियों को चेता दिया। ये सभी तुरंत बाहर निकले और जिप्सी में बैठकर रफ्तार बढ़ा दी। गश्त कर प्रतापनगर चौराहे से रॉन्ग साइड आ रहे एएसआई को यह गतिविधि संदिग्ध लगी तो उन्होंने जीप से पीछा शुरू कर दिया। यह देख बदमाशों ने अपनी गाड़ी प्रतापनगर चौराहे से मादड़ी पुलिया की ओर मोड़ ली। यही इन्होंने सिक्योरिटी गार्ड को डाल दिया और यू टर्न लेकर वापस चौराहे की ओर भागे। पुलिस कुछ दूरी पर पीछे ही थी। पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने प्रतापनगर चौराहे से डबोक रोड पकड़ी। इधर पुलिस ने पीछा जारी रखने के साथ डबोक में नाकाबंदी करा दी। दूर से ही नाकाबंदी देख बदमाशों ने फिर यू टर्न लिया और इस बार रॉन्ग साइड लेते हुए तेज स्पीड में डबोक चौराहे से मंगलवाड़ रोड पकड़ ली। इस बार रफ्तार इतनी तेज थी कि बदमाश कुछ ही देर में पुलिस की पहुंच से बाहर हो चुके थे।

मुझे चादर डालकर घसीटा, सीट के नीचे डाला और एक बदमाश ऊपर बैठ गया

-गार्ड की जुबानी-

गार्ड दिलीप सिंह ((20)) ने बताया कि वह तीन महीने से एटीएम में सिक्योरिटी गार्ड का काम कर रहा है। रविवार तड़के 3.30 से चार बजे के बीच वह एटीएम में था। कुछ बदमाश आए और उसके ऊपर चादर डाल दी। आरोपी उसे घसीटते हुए ले गए और बाहर खड़ी गाड़ी में सीट के नीचे डाल दिया। फिर एक बदमाश उसके ऊपर बैठ गया। विरोध करने पर एक बदमाश ने बंदूक दिखाते हुए बोला-ज्यादा चिल्लाया तो मत गोली मार देंगे। इस पर दिलीप गाड़ी में खामोश पड़ा रहा। उसे एटीएम काउंटर में तोड़-फोड़ की आवाज आ रही थी। दस मिनट बाद गाड़ी में बैठे बदमाश ने आवाज लगाई पुलिस आ गई। यह सुन एटीएम से दूसरे बदमाश दौड़ कर आए और गाड़ी भगाई। इन लोगों ने उसे मादड़ी रोड पर पुलिया के पास सड़क पर पटक दिया और भाग गए।

सीसीटीवी फुटेज से पुलिस करेगी आरोपियों की पहचान

पुलिस ने बैंक अधिकारियों से एटीएम में लगे सीसीटीवी फुटेज देने को कहा है। पुलिस ने बताया कि बदमाश सीसीटीवी कैमरा तोड़ गए, लेकिन फुटेज मिल सकती है। बैंक अधिकारियों ने दो दिन में फुटेज देने के लिए कहा है।