- Hindi News
- सेवानिवृत्त प्रोफेसर्स पेंशन के लिए कल से आंदोलन करेंगे
सेवानिवृत्त प्रोफेसर्स पेंशन के लिए कल से आंदोलन करेंगे
नगर संवाददाता - उदयपुर
सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर्स नवंबर से बकाया पेंशन के लिए 29 जनवरी से आंदोलन करेंगे। इस दौरान विवि परिसर में रैली निकाली जाएगी तथा प्रशासनिक भवन के बाहर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। पेंशन को नियमित करने की मांग को लेकर यह आंदोलन किया जाएगा। इससे पूर्व सोमवार को पेंशन से वंचित प्रोफेसरों ने प्रशासनिक भवन के बाहर नारेबाजी की तथा कुलपति प्रो. आई.वी. त्रिवेदी को ज्ञापन देकर आंदोलन की चेतावनी दी। सुविवि पेंशनर्स सोसायटी के अध्यक्ष प्रो. बी.पी. भटनागर ने बताया कि राजकीय आदेश के अनुसार पेंशन का भुगतान नियमित रूप से कराया जाए व नवंबर-दिसंबर 13 तथा जनवरी 14 की पेंशन भुगतान की मांग की गई है। सचिव जी.के. मेहरा ने बताया कि तीन माह से पेंशन नहीं मिलने के कारण वृद्ध, विधवा व महिला पेंशनधारियों को परेशानी हो रही है। कुलपति प्रो. त्रिवेदी ने आश्वासन दिया है कि विवि की समन्वय समिति की बैठक 7 फरवरी को जयपुर में होगी। इसमें पेंशन प्रकरण को पुरजोर उठाया जाएगा तथा नियमित पेंशन भुगतान का बजट में राशि का प्रावधान किया जाएगा।
वीसी बोले, जयपुर में अगले माह रखेंगे मामला