- Hindi News
- कांकरोली के मेवाड़ क्लब में अब निखारेंगे टेनिस की प्रतिभाएं
कांकरोली के मेवाड़ क्लब में अब निखारेंगे टेनिस की प्रतिभाएं
नगर संवाददाता - राजसमंद
विभिन्न खेलों में जिले के खिलाडिय़ों को नि:शुल्क प्रशिक्षण के उद्देश्य से उदयपुर के फील्ड क्लब की तर्ज पर आरके अस्पताल के पास बने मेवाड़ क्लब परिसर में अब युवाओं को टेनिस में पारंगत किया जाएगा। टेनिस कोर्ट का उद्घाटन 30 जनवरी को होगा। वर्तमान में यहां स्वीमिंग पुल तैयार हो चुका है। अंतरराष्ट्रीय मापदंड से बने टेनिस कोर्ट के साथ ही अच्छे खिलाडिय़ों को निखारने के लिए कोच की सुविधा भी नि:शुल्क रहेगी। टेनिस कोर्ट का उद्घाटन मैच चित्तौड़ कलेक्टर व मेवाड़ क्लब टीम के बीच होगा।
मेवाड़ क्लब अध्यक्ष सुनील तापडिय़ा ने बताया कि 30 जनवरी शाम पांच बजे राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी, मिराज समूह के सीएमडी मदन पालीवाल, कलेक्टर डॉ. प्रीतम बी. यशवंत व एसपी श्वेता धनकड़ के आतिथ्य में टेनिस कोर्ट की शुरुआत होगी। उद्घाटन मैच चित्तौड़ कलेक्टर रवि जैन की टीम व मेवाड़ क्लब टीम के बीच होगा। मेवाड़ क्लब की टीम से स्थानीय कलेक्टर प्रीतम. बी. यशवंत भी खेलेंगे।
अब तक 256 लोगों ने ली आजीवन सदस्यता
मेवाड़ क्लब में अब तक 256 लोगों को आजीवन सदस्यता मिल चुकी है। सदस्यता के लिए इच्छुक लोगों से आजीवन सदस्यता के आवेदन आमंत्रित किए। क्लब महासचिव फतहलाल टांक ने बताया कि 16 फरवरी तक आजीवन सदस्यता के लिए 1 लाख 25 हजार रुपए के डिमांड ड्राफ्ट के साथ आवेदन पत्र जमा कराया जा सकता है। क्लब परिसर में वेदांता समूह के सहयोग से इंडोर स्पोटर््स कॉम्पलेक्स का निर्माण अंतिम चरण में चल रहा है। इसका काम इसी साल मार्च तक पूरा होने की संभावना है। जेके टायर के सहयोग से क्लब परिसर में प्रशासनिक भवन, रेस्टोरेंट व गेस्ट हाउस का निर्माण भी जोरों पर है। क्लब के कोष से कॉमन एरिया का निर्माण अगले महीने फरवरी के आधे पखवाड़े तक शुरू होने की उम्मीद है, इसके लिए बाउंड्री निर्माण शुरू हो गया है।
इन खेलों के मैदान भी बनेंगे
मेवाड़ क्लब में टेबल टेनिस, बैडमिंटन, स्क्वैश खेलों के लिए भी मैदान तैयार किए जा रहे हैं। वर्तमान में क्लब में आरके मार्बल के सहयोग से तरणताल की सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। मिराज ग्रुप की ओर से परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानदंडों के अनुरूप दो टेनिस कोर्ट बनवाए गए हैं। आगामी दिनों में क्लब परिसर में बॉस्केटबॉल व वॉलीबॉल का प्रशिक्षण भी मुहैया करवाया जाएगा। शीघ्र ही टेनिस का कोच भी उपलब्ध कराया जाएगा। क्लब की खेल गतिविधियों के लिए वर्ष पर्यंत चलने वाले कार्यक्रमों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। यहां जिले के विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट खेलने वालों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
फील्ड क्लब से संबद्धता मिली
मेवाड़ क्लब के सदस्यों को श्रेष्ठ क्लबों में शामिल उदयपुर के फील्ड क्लब से संबद्धता मिल गई है। इसके तहत दोनों क्लबों के सदस्य क्लबों की खेल गतिविधियों में भाग ले सकेंगे वहीं निर्धारित अवधि के लिए सुविधाओं का उपभोग कर सकेंगे। 1931 में स्थापित उदयपुर का फील्ड क्लब देश के प्रमुख क्लबों में शामिल है।
उदयपुर के फील्ड क्लब की तर्ज पर राजसमंद में आरके अस्पताल के पास बना है यह क्लब
खेलों का विकास
क्लब परिसर में टेनिस कोर्ट का उद्घाटन कल, जिले की प्रतिभाओं को नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा