- Hindi News
- खेल गांव की सफाई होगी, फिर होंगे बाकी बचे काम
खेल गांव की सफाई होगी, फिर होंगे बाकी बचे काम
नगर संवाददाता - उदयपुर
महाराणा प्रताप खेलगांव की सफाई पर तीन लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके बाद बाकी बचे हुए कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गुलाबचंद कटारिया की हिदायत के बाद खेल गांव को लेकर यूआईटी अधिकारियों ने काम की गति बढ़ा दी है।
कटारिया के निर्देशों के बाद यूआईटी ने सबसे पहले खेल गांव की सफाई करवाने का निर्णय लिया है। यह काम सबसे पहले खेल गांव में तैयार मैदान के आस-पास होगा। इसमें टेनिस, कबड्डी, स्वीमिंग पुल, वालीबॉल, बास्केटबॉल व खो-खो के मैदान शामिल हैं। यूआईटी सचिव डॉ.आर.पी.शर्मा ने बताया कि खेल गांव में सबसे पहले साफ सफाई करवाई जाएगी। सफाई काम पर तीन लाख खर्च होंगे। इसके बाद दूसरे काम शुरू हो सकेंगे। इधर यूआईटी अधिकारियों ने खेल गांव के बकाया कार्यों को करवाने एस्टीमेट बनाने की तैयारी भी शुरू कर दी है। गौरतलब कि पिछले शनिवार को कटारिया ने शहरी विकास को लेकर यूआईटी अधिकारियों की बैठक ली थी। कटारिया ने खेल गांव की कार्य प्रगति को लेकर भी नाराजगी जताई थी और समय रहते बकाया काम पूरा करने के निर्देश दिए थे।