सुविवि में छात्र गुट भिड़े, 1 गिरफ्तार
नगर संवाददाता - उदयपुर
सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के बाहर मंगलवार को दो छात्र गुट भिड़ गए। इसमें तीन छात्रों के चोटें आई है। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया। दोनों गुटों ने एक दूसरे के खिलाफ मामले दर्ज करवाए हैं। मारपीट के एक आरोपी छात्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है तथा उसकी कार भी जब्त की है। इस कार से पुलिस को सरिए व लट्ठ बरामद हुए हैं। दोनों गुटों के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम और बाहरी युवाओं का कॉलेजों में प्रवेश बंद करने को लेकर विवाद चल रहा है। प्रतापनगर एसएसओ लाबूराम ने बताया कि मंगलवार को कॉमर्स कॉलेज का अध्यक्ष मयूरध्वज सिंह अपने अन्य साथियों के साथ कुलपति कार्यालय पहुंचा। जहां पहले से ही एबीवीपी संघ ज्ञापन देने के लिए खड़ा था। इस दौरान रास्ता रोकने और अपशब्द कहने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इस पर दोनों गुटों में मारपीट शुरू हो गई। पुलिस ने मयूरध्वज के साथी भवानीपाल सिंह की कार से सरिए बरामद किए। पुलिस ने भवानीपाल की कार जब्त कर उसे धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया है। एबीवीपी संघ की तरफ से हिमांशु चौधरी की रिपोर्ट पर मयूरध्वज, भवानी पाल, कृष्णपाल, हिमांशु व रौनक के खिलाफ तो दूसरे गुट के अविनाश यादव ने एबीवीपी संघ के हिमांशु चौधरी, हिमांशु बागड़ी, शक्ति सिंह, भूपेंद्र व कौशल के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
॥दोनों गुटों के मध्य कॉलेज में सांस्कृतिक गतिविधियों को लेकर तनाव चल रहा था। सोमवार को भी एक गुट के लड़कों ने आकर बदतमीजी की थी। इसके अतिरिक्त परीक्षा में भी खलल डालने का प्रयास किया। पुलिस आती इससे पहले ही ये छात्र भाग निकले। सभी छात्र आउटर हैं। जिनका कॉलेज में प्रवेश बंद किया गया है।
प्रो. विजय श्रीमाली, डीन, कॉमर्स कॉलेज
कॉलेजों में आउटर्स का प्रवेश बंद करवाना जरूरी है : वीसी
॥विवि के विभिन्न कॉलेजों में आउटर्स का प्रवेश बंद करवाया जाना जरूरी है। यहां आकर ये नेतागिरी तो करते ही हैं साथ ही अन्य छात्रों के लिए भी परेशानी पैदा करते हैं। एसपी से बात कर नई व्यवस्था की जाएगी।
प्रो.आईवी त्रिवेदी, कुलपति, सुविवि