सावधान ! आप पर अब कैमरे की नजर
उदयपुर - शहर के सबसे व्यस्ततम देहलीगेट चौराहे पर मंगलवार को चार सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। इनकी नजर चौराहों से जुडऩे वाले सभी प्रमुख मार्गों पर रहेगी। सीसीटीवी में कैद होने वाले नजारों को एसपी और धानमंडी एसएचओ अपने ऑफिस में बैठकर देख सकेंगे। जल्दी ही इनको पुलिस अफसरों के मोबाइल से भी जोड़ दिया जाएगा। भड़भुजा घाटी पर भी सीसीटीवी लगाए गए हैं। थानाधिकारी राजेंद्रसिंह जैन ने बताया कि अश्विनी बाजार, नेहरू बाजार, कलेक्ट्री रोड, शास्त्री सर्कल, बापूबाजार को इन सीसीटीवी से जोड़ा गया है। इससे ट्रैफिक व्यवस्था और संदिग्धों पर नजर रहेगी।
आगे क्या : सभी चौराहों पर सीसीटीवी लगने के बाद यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान घर तक पहुंचाया जा सकेगा।
क्या फायदा
थानाधिकारी के मुताबिक चौराहे पर किसी भी तरह की वारदात होने पर आरोपियों तक पहुंचना आसान रहेगा। संदिग्ध लोगों पर सीधे नजर रख सकेंगे। यातायात नियमों को तोडऩे वालों पर भी कार्रवाई की जा सकेगी।
संवेदनशील है चौराहा
देहलीगेट चौराहे पर चेन स्नेचिंग, फायरिंग और बैंक लूटने के प्रयास जैसी घटनाएं हो चुकी है। आंदोलन के दौरान इस चौराहे पर पथराव व ट्रैफिक जाम जैसी घटनाएं भी हुई है।