- Hindi News
- नए पदों पर समायोजन की मांग को लेकर संविदाकर्मियों का प्रदर्शन
नए पदों पर समायोजन की मांग को लेकर संविदाकर्मियों का प्रदर्शन
उदयपुर - नरेगा कार्मिकों के समायोजन व नियमित करने की मांग को लेकर संविदाकर्मियों ने मंगलवार को कलेक्ट्री पर धरना दिया। वे बजट घोषणा 2012 के अनुसार पंचायतीराज के तहत नवसृजित पदों पर शैक्षणिक योग्यता व अनुभव के आधार पर नियमित करने की मांग कर रहे थे। संघ अध्यक्ष भोपालसिंह मोजावत ने बताया कि नरेगा में विभिन्न पदों पर 13 हजार कार्मिक छह साल से संविदा पर कार्य कर रहे हैं। सरकार की नीतियों व भर्ती प्रक्रिया के चलते कार्मिक भविष्य को लेकर असमंजस में है। इधर, आयुर्वेद में चिकित्सा, नर्स द्वितीय श्रेणी, महिला एवं बाल विकास में महिला पर्यवेक्षक, कॉलेज शिक्षा सहित पंचायतीराज में प्रबोधक सहित विभिन्न पदों व नियमों पर कार्यरत हजारों कार्मिकों का उनके पदों पर समायोजन कर नियमित किया गया था। ऐसे में समायोजन की नीति के तहत शैक्षणिक व कार्यानुभव के आधार पर इन्हें पंचायतीराज में समायोजित किया जाना चाहिए।