- Hindi News
- डीआईजी ने रात को किया जेल का औचक निरीक्षण
डीआईजी ने रात को किया जेल का औचक निरीक्षण
नगर संवाददाता - प्रतापगढ़
दो दिन पहले सीकर जेल की घटना के बाद जिले की जेल में भी चौकसी बढ़ा दी गई है। इसी के तहत जेल में सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने उदयपुर रेंज के उप-महानिरीक्षक ((जेल)) शिवलाल जोशी मंगलवार रात जेल का औचक निरीक्षण करने प्रतापगढ़ पहुंचे। एसटीएफ के साथ मंगलवार रात को प्रतापगढ़ जेल में करीब ढाई घंटे तक हर बैरक व कोने की सघन तलाशी अभियान चला। कहीं भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
रविवार को सीकर जेल में हुई फायरिंग के बाद राज्य की सभी जेलों में विशेष चौकसी बरती जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार रात को उदयपुर रेंज के डीआईजी ((जेल)) शिवलाल जोशी अचानक प्रतापगढ़ पहुंचे। रात करीब ८.१५ बजे बाद डीआईजी ने स्थानीय पुलिस उपाधीक्षक विक्रम सिंह व शहर कोतवाल दलपत सिंह तथा जेलर भगवान सिंह को लेकर जेल में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। इस अभियान में एसटीएफ जवानों की भी मदद ली गई। अधिकारियों व जवानों ने जेल के हर कोने की गहनता से जांच-पड़ताल की। यह अभियान करीब ढाई घंटे चला, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु ((मोबाईल, सिम व हथियार आदि)) बरामद नहीं हुए।
रूटीन निरीक्षण था : डीआईजी
मंगलवार रात प्रतापगढ़ आए डीआईजी जेल शिवलाल जोशी ने कहा कि उदयपुर में पदभार ग्रहण के बाद यह पहली विजिट थी। सीकर में हुई घटना को लेकर सघन चेकिंग के बारे में डीआईजी ने कहा, वैसे तो यह रुटीन चेकिंग थी, लेकिन सीकर में हुई घटना को लेकर भी जेल में चेकिंग की जानी थी। प्रतापगढ़ जेल के औचक निरीक्षण के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।