- Hindi News
- हिरासत में युवक ने सुनाई फायरिंग की कहानी
हिरासत में युवक ने सुनाई फायरिंग की कहानी
उदयपुर - भूपालपुरा में जमीन कारोबारी समझकर उसके पड़ोसी पर फायरिंग के मामले की पूरी कहानी पुलिस को पता चल गई है। खुलासा हिरासत में लिए गए रवि नामक युवक ने पुलिस के सामने किया है। कॉल डिटेल सहित अन्य तथ्यों से मामले में मुख्य सरगना सोहराबुद्दीन एनकाउंटर से जुड़े हिस्ट्रीशीटर भूपालपुरा निवासी सिल्वेस्टर और हिरणमगरी क्षेत्र निवासी नरेंद्र पानेरी का नाम सामने आया है। इन दोनों अभियुक्तों ने दो दिन पहले हिरणमगरी सेक्टर आठ में एक कार से टक्कर होने पर चालक को रिवॉल्वर दिखाकर धमकाया था। हिरणमगरी पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इनकी गिरफ्तारी के बाद ही पुलिस भूपालपुरा सहित अन्य मामलों का खुलासा कर सकती है। पुलिस ने इस मामले में और भी लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है, जिन पर हत्या और जानलेवा हमले या फिरौती मांगने के मुकदमे दर्ज हैं।
रवि नया अपराधी : रवि को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। वह नया अपराधी है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की है। इसलिए मामले का खुलासा नहीं हो पा रहा है। रवि की कॉल डिटेल में सिल्वेस्टर व पानेरी के नंबर मिले हैं।
यह है कहानी
भूपालपुरा निवासी हिस्ट्रीशीटर सिल्वेस्टर छह महीने पहले मुकेश जैन के जीजा निर्मल जैन के घर गया था। निर्मल के घर पर नहीं मिलने पर सिल्वेस्टर ने बाहर ही चौकीदार को सौ रुपए देकर उसके मोबाइल से निर्मल जैन को मैसेज भेजा था कि ‘मैं सिल्वेस्टर हूं। मुझे आप इस नंबर पर ((बेसिक टेलीफोन नंबर दिए)) बात करें। निर्मल ने उससे बात नहीं की। इस बारे में पुलिस के आला अफसरों को लिखित में शिकायत की गई थी।’
रवि से पूछताछ जारी है : एसपी
पुलिस अधीक्षक अजयपाल लांबा ने बताया कि रवि से पूछताछ की जा रही है। वह नया अपराधी है। उससे सुराग तो मिले हैं। लेकिन उसकी बातों से मामले का खुलासा नहीं किया जा सकता है। मामले में और भी मोड़ आ सकते हैं। अभी अनुसंधान जारी है।