- Hindi News
- पुण्यतिथि पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को अर्पित की श्रद्धांजलि
पुण्यतिथि पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को अर्पित की श्रद्धांजलि
उदयपुर - राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक व शैक्षणिक संस्थाओं द्वारा विविध कार्यक्रम हुए। शहर में स्थापित गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कांग्रेस की शहर जिलाध्यक्ष नीलिमा सुखाडिय़ा की अध्यक्षता में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के दुर्गा नर्सरी स्थित कार्यालय में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने 10 बजकर 59 मिनट पर 2 मिनट का मौन रखकर एवं गांधीजी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्वासुमन अर्पित किए। इस मौके पर पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, वरिष्ठ नेता डॉ. दरियाव सिंह चुंडावत, गणेश डागलिया, गणेश राजोरा, शंकर भाटिया, बतुल हबीब, महामंत्री दिनेश दवे, अजय सिंह, प्रमोद खाब्या, कोषाध्यक्ष मानमल कुदाल, सचिव रंजना साहू, हरीश शर्मा, राधाकृष्ण मेहरा, सोमेश्वर मीणा, के.जी. मूंदड़ा आदि उपस्थित थे। इसी प्रकार आम आदमी पाटी के जिला कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने मल्लातलाई स्थित गांधीनगर में स्थापित महात्मा गांधी की मूर्ति को माल्यार्पण कर श्रृद्धांजलि अर्पित दी। इस मौके पर पार्टी के जिला सचिव भरत कुमावत, जिला संयोजक विजय गोयल आदि उपस्थित थे। गुलाबबाग स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस मौके पर मेयर रजनी डांगी, प्रेमसिंह शक्तावत, पारस सिंघवी, केके कुमावत, धनपाल स्वामी, सत्यनारायण मोची, पार्षद मोहन देवी आदि ने पुष्पांजलि अर्पित की। इसी प्रकार युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष जयप्रकाश निमावत की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने गांधीजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी, शहर जिला कांग्रेस कमेटी, कम्युनिस्ट पार्टी ((माक्र्सवादी)) की जिला कमेटी, कांग्रेस अभाव अभियोग प्रकोष्ठ आदि द्वारा भी गांधीजी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उधर, महावीर चेसमेन पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों ने दो मिनिट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही गांधीजी के जीवन से जुड़े प्रसंग सुनाए।
54 यूनिट रक्तदान किया
शहीद दिवस पर राजस्थान कृषि महाविद्यालय की युवा कृषक परिषद एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के साझे में रक्तदान शिविर लगाया गया। महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. शिव रतन मालू ने बताया कि शिविर में 54 यूनिट रक्तदान किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने दो मिनिट का मौन रखकर गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्टिकर व पत्रक का विमोचन
शहीद दिवस पर महाराणा प्रताप सेना द्वारा किए गए सेवा कार्यों पर आधारित स्टिकर व पत्रक का विमोचन किया गया। एडीएम सिटी यासीन खान पठान द्वारा स्टीकर व पत्रक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर मोहनसिंह राठौड़, अशोक जैन, पदमसिंह राठौड़ आदि उपस्थित थे। नव निर्माण संस्थान की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ सौहार्द दिवस मनाया गया। इस मौके पर बालिकाओं ने महिला हिंसा पर आधारित नाटक का मंचन किया।