पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • केदारनाथ में गिर्वा के मृतक आश्रितों को नहीं मिला मुआवजा

केदारनाथ में गिर्वा के मृतक आश्रितों को नहीं मिला मुआवजा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उदयपुर - आठ माह पूर्व केदारनाथ हादसे में मरने वाले जिले के 24 लोगों में से शहर के 10 मृतक परिवारों को तय 10 लाख रुपए मुआवजे में से कुछ भी नहीं मिला। जिले के अन्य मृतकों को केंद्र सरकार की ओर से दिए जाने वाले डेढ़ लाख रुपए मिलने का इंतजार है।
मृतक परिवारों के प्रतिनिधि जनक चौबीसा, शिव चौबीसा व मनीष उपाध्याय मुआवजा तथा आश्रितों को नौकरियां देने मांग को लेकर गुरुवार को जिला परिषद में जन सुनवाई के दौरान कलेक्टर आशुतोष पेडणेकर से मिले। लोगों ने बताया कि शहर के 10 मृतकों के परिजनों को गिर्वा तहसील से मुआवजे के तौर पर कोई राशि नहीं दी गई। कानोड़ निवासी 6 मृतकों के परिजनों को प्रत्येक को साढ़े 8 लाख रुपए मिल चुके हैं। सलूंबर निवासी दो मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए दिए गए। केंद्र सरकार की घोषणा के अनुसार किसी भी मृतक के परिजन को डेढ़ लाख रुपए नहीं दिए गए। हादसे के बाद प्रत्येक मृतक के मुआवजा पैकेज में 5 लाख रुपए राजस्थान सरकार, साढ़े 3 लाख रुपए उत्तराखंड सरकार और डेढ़ लाख रुपए केंद्र सरकार ने देने की घोषणा की थी। कलेक्टर ने शीघ्र मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। मृतकों के आश्रितों ने नौकरी दिलाने की भी गुहार की।



एमबी में किडनी यूनिट के निर्माण की मांग

जन सुनवाई में लेकसिटी किडनी केयर एंड रिलीफ फाउंडेशन के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राठौड़ ने एमबी अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग में नई डायलिसिस मशीनों की स्थापना के लिए नया भवन शीघ्र बनवाने की मांग की। राठौड़ ने बताया कि इसके लिए 50 लाख रुपए स्वीकृत हो चुके हैं। आरएनटी मेडिकल कॉलेज ने निर्माण राशि पीडब्ल्यूडी के खाते में डाल दी है।