- Hindi News
- लोकसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं : सर्वे
लोकसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं : सर्वे
एजेंसी - नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव के लिए यदि आज मतदान हो तो किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिलेगा। इंडिया टुडे और सी-वोटर के सर्वे का यही दावा है। इसके मुताबिक नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा 188 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का करिश्मा कहीं नहीं दिख रहा। उनकी पार्टी दो अंकों में सिमट सकती है। सर्वे में कांग्रेस को 91 सीटें मिलने का अनुमान है।
सर्वे के मुताबिक एनडीए को 53 सीटों की बढ़त मिल सकती है। यानी गठबंधन को 207 से 217 सीटें मिलने का अनुमान है। यूपीए को 156 सीटों के नुकसान हो रहा है। उसे 98 से 108 सीटें मिलेंगी। क्षेत्रीय दलों की ताकत बढऩे के आसार हैं। उसे 223 से 233 सीटें मिल सकती हैं। यानी आज के हिसाब से करीब 103 सीटें अधिक। उत्तरप्रदेश में मायावती की बसपा, तमिलनाडु में जयललिता की अन्नाद्रमुक और पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस मजबूती के साथ उभरेगी। वहीं नई और अलग राजनीति का अलख जगाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी सिर्फ दस सीटों पर अटक सकती है।
सर्वे करने वाली संस्था का दावा है कि 21,792 लोगों से बात की गई। दिसंबर के महीने में। इसके मुताबिक कांग्रेस को 23 फीसदी, भाजपा को 34 फीसदी और अन्य दलों को 43 वोट मिल रहे हैं।