- Hindi News
- फ्लैट के नाम पर ठगे ४० लाख, फिर सामान सहित फ्लैट कब्जाया
फ्लैट के नाम पर ठगे ४० लाख, फिर सामान सहित फ्लैट कब्जाया
भास्कर न्यूज - गुडग़ांव
डीएलएफ फेज दो थाना एरिया में एक युवक से लाखों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने पहले दो फ्लैट बेचने के नाम पर ४० लाख रुपए एग्रीमेंट राशि के तौर पर ले लिए। फिर फ्लैट का ताला तोड़कर सामान चुरा लिया और दोनों फ्लैटों पर कब्जा कर लिया। पीडि़त का आरोप है कि इसका विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
बजघेड़ा निवासी सुनील राणा ने २०११ में नाथूपुर में यू ब्लॉक के गली नंबर चार में २२ और २३ नंबर दो फ्लैट खरीदे। इसके एवज में उसने नाथूपुर निवासी अंजू सरदाना, लालाराम, मनोज, नरेश व दर्जन भर अन्य लोगों को ४० लाख रुपए दिए। फ्लैट में रहने के इरादे से दोनों फ्लैटों में घरेलू सामान रख दिया था। आरोप है कि कई दिनों बाद जाने पर पता चला कि उसके फ्लैट से सामान गायब था। शेष पेज-1७
इस बाबत उसने पुलिस में चोरी का मामला भी दर्ज कराया था। इसके बाद आरोपियों ने उसके दोनों फ्लैट पर भी कब्जा कर लिया। सुनील का कहना है कि इस दौरान उसने कई बार आरोपियों को फ्लैट खाली करने की बात कही। लेकिन उल्टा उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। गुरुवार डीएलएफ फेज- दो थाना पुलिस में शिकायत देने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। मामले की जांच कर रहे एएसआई जगदीश ने बताया कि फिलहाल जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी।