पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मारुति बर्खास्त श्रमिकों का प्रदर्शन

मारुति बर्खास्त श्रमिकों का प्रदर्शन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुडग़ांव - मारुति सुजूकी के मानेसर प्लांट में श्रमिक हिंसा के आरोप में बर्खास्त श्रमिकों व उनके परिजनों ने दोबारा बहाली को लेकर मंगलवार को शहर में जुलूस निकाला और विरोध-प्रदर्शन किया। श्रमिक हाथों में बैनर लेकर सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे। सैकड़ों श्रमिकों की पदयात्रा सोमवार शाम गुडग़ांव पहुंची थी। मंगलवार सुबह सभी बर्खास्त श्रमिक और उनके परिजन कमला नेहरू पार्क में एकत्रित हुए। श्रमिकों को संबोधित करते हुए मारुति श्रमिक यूनियन की प्रोविजनली कमेटी के सक्रिय सदस्य महावीर, राजपाल व श्रीनिवास ने कहा कि एक ओर जहां मारुति प्रबंधन ने उन्हें नौकरी से निकालकर सड़क पर ला दिया है, वहीं प्रदेश सरकार ने भी उनके साथ विश्वासघात किया है। बर्खास्त श्रमिकों के परिजन सड़क पर आ गए हैं। उनके समक्ष भूखों मरने की नौबत आ गई है। श्रमिकों के आंदोलन को कुचलने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि उनकी पदयात्रा 15 जनवरी को कैथल से शुरू हुई थी। यात्रा के दौरान उन्हें गांवों में विश्राम तक नहीं करने दिया गया। उन्होंने बताया कि बुधवार को पदयात्रा दिल्ली के लिए रवाना होगी। दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संगठन उनके समर्थन में बैठक करेंगे। वे पदयात्री भी शामिल होंगे। पदयात्री 30 जनवरी को दिल्ली स्थित गुरुद्वारा बंगला साहिब में विश्राम करेंगे और 31 जनवरी को दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन का आयोजन करेंगे।
श्रमिक संगठनों ने दिया समर्थन-
शीतला माता रोड स्थित प्रजापति धर्मशाला में पदयात्री ठहरे हैं। मंगलवार शाम श्रमिक संगठन एटक, सीटू, एचएमएस व स्वतंत्र श्रमिक यूनियनों के पदाधिकारियों ने बर्खास्त श्रमिकों के समर्थन में बैठक का आयोजन किया। श्रमिक नेता सतबीर सिंह, अनिल पंवार, सुरेश गौड़, एसएल प्रजापति ने इस आंदोलन को पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया। वे उन्हें यथासंभव सहायता भी देंगे और जंतर मंतर पर होने वाले धरना प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में शामिल भी होंगे।