- Hindi News
- पार्टी ने सोमनाथ से कहा, जुबान पर रखें लगाम
पार्टी ने सोमनाथ से कहा, जुबान पर रखें लगाम
भास्कर न्यूज - नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी ((आप)) ने दिल्ली सरकार के कानून मंत्री सोमनाथ भारती से अपनी जुबान पर लगाम रखने के लिए कहा है। मंत्री के विवादित बयानों से क्षुब्ध पार्टी के नेताओं ने उन्हें स्पष्ट रूप से हिदायत दी है कि आइंदा यदि उन्होंने किसी पर टिप्पणी करते हुए अपशब्दों का इस्तेमाल किया तो पार्टी उनकी तरफदारी नहीं करेगी। पार्टी के नेता योगेंद्र यादव को भारती के बयानों पर माफी भी मांगनी पड़ी। एक नेता तो यहां तक कहा कि सोमनाथ जिस तरह बोलते हैं उससे यह संदेश जाता है मानो पार्टी की यही नीति है जबकि ऐसा नहीं है।
पार्टी की इस नसीहत का बुधवार को असर भी नजर आया। दोपहर करीब तीन बजे जब कानून मंत्री दिल्ली सचिवालय पहुंचे तो अपने मुंह पर मफलर लपेटे थे और मीडिया के सवालों पर कोई जवाब दिए बगैर ही अपने चैंबर की ओर निकल गए। कामकाज के सिलसिले में करीब चार बजे जब वे अपने चैंबर से निकलकर शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया के पास जाने लगे तो मीडिया ने जब उनसे महिला आयोग की ओर से दिए गए नोटिस के बारे में पूछा तो उन्होंने बस इतना कहा कि ‘अभी मिला नहीं है, मिलने पर कोई टिप्पणी करेंगे।’
सोमनाथ ने अपने विधानसभा क्षेत्र में एक मकान में ड्रग रैकेट और सेक्स रैकेट चलने का आरोप लगाकर पुलिस से जबरन रेड करने के लिए कहा था, जिस पर भारी विवाद हो गया। इसी मामले में बाद में आयोजित एक जनसभा में कानून मंत्री भाजपा नेताओं का नाम लेते हुए बोल बैठे कि उन्हें इन नेताओं पर थूकने का मन करता है। इसके अलावा सोमनाथ पर आरोप है कि वह अपने समर्थकों के पास खिड़की एक्सटेंशन के जिस मकान में रेड करने पहुंचे थे, वहां आप कार्यकर्ता ही नहीं स्वयं मंत्री ने भी विदेशी महिला से काफी अपशब्द कहे थे।