- Hindi News
- धरना खत्म होने के बाद भी सचिवालय में नहीं शुरू हुआ कामकाज
धरना खत्म होने के बाद भी सचिवालय में नहीं शुरू हुआ कामकाज
भास्कर न्यूज - नई दिल्ली
रेल भवन पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का दो दिन का धरना खत्म होने के बावजूद सचिवालय में बुधवार को भी विधिवत कामकाज नहीं शुरू हुआ। तबियत खराब होने के चलते मुख्यमंत्री अपने दफ्तर नहीं पहुंच सके। सचिवालय में शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया, कानून मंत्री सोमनाथ भारती और परिवहन मंत्री सौरभ भारद्वाज को जरूर देखा गया लेकिन सचिवालय के बाकी विभागों में खामोशी देखी गई। दरअसल, रातभर खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठने के चलते मुख्यमंत्री सहित सरकार के सभी मंत्रियों की तबियत नासाज हो गई थी और सभी मंत्री कुछ आराम चाहते थे, इसी वजह से देर से अपने दफ्तर के लिए निकले।
तीसरे तल पर जहां तीन दिन पहले तक मुख्यमंत्री की मौजूदगी की वजह से काफी गहमागहमी देखी जाती थी, वहां आज चुनिंदा कर्मचारी थे। सीएम के प्रिंसिपल सेक्रेटरी राजेंद्र कुमार भी मौजूद नहीं थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने तर्क दिया कि मुख्यमंत्री का शिकायत प्रकोष्ठ सचिवालय के गेट नंबर-६ के पास बने रिसेप्शन के बगल में स्थापित कर दिया गया है इसलिए तमाम ऐसे लोग जो केवल शिकायतों की चिट्ठियां देने यहां आ रहे थे, उनमें से एक भी तीसरे तल पर नहीं आ रहा है। इसके अलावा बारिश के चलते गिरे तापमान से खराब हुए मौसम को भी लोगों की कमी का कारण बताया गया। अधिकांश मंत्रियों की दैनिक योजना में केवल नाम के लिए एक दो बैठकें थीं।