इलाज से इनकार नहीं कर सकते निजी अस्पताल
नई दिल्ली। दिल्ली में स्थित सभी अस्पतालों में तेजाब हमले अथवा दुष्कर्म पीडि़ताओं का तत्काल और मुफ्त इलाज किया जाएगा। इस बाबत स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव एसबी.शशांक ने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को पत्र लिखकर निर्देश दिया है। साथ ही दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष को भी इस बाबत एक पत्र जारी किया गया है। यह आदेश दिल्ली के अंदर स्थित सभी सरकारी, निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम्स पर लागू होगा। पत्र में उल्लेख किया गया है कि तेजाब हमले या दुष्कर्म पीडि़ता को पुलिस का मामला बताकर किसी खास अस्पताल में भेजकर इलाज से इनकार नहीं कर सकते हैं। यदि संबंधित अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं है तो उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद ही अन्य अस्पतालों में रेफर करना होगा।