२६ जनवरी को 12 बजे तक बंद रहेगी मेट्रो
भास्कर न्यूज - नई दिल्ली
गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर डीएमआरसी ने लाइन दो, तीन, चार और छह के कुछ मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। इन मेट्रो स्टेशनों को परेड की मौजूदा स्थित के अनुसार बंद किया जाएगा। मेट्रो प्रवक्ता के अनुसार रविवार सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे के बीच अलग अलग समय पर मेट्रो स्टेशनों को बंद किया जाएगा।
लाइन - टू
हुडा सिटी सेंटर से जहांगीरपुरी के बीच केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन को सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक के लिए बंद किया जाएगा। इस दौरान न ही मेट्रो इन मेट्रो स्टेशनों पर रुकेंगी और न ही कोई मुसाफिर मेट्रो स्टेशन से बाहर जा सकेगा। इसी तरह, पटेल चौक मेट्रो और रेसकोर्स मेट्रो स्टेशन पर सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक मुसाफिरों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर सिर्फ मुसाफिरों को येलो लाइन से वायलेट लाइन के
बीच इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
लाइन - तीन
द्वारका सेक्टर 21 से वैशाली/नोएडा सिटी सेंटर कॉरीडोर में स्थित मंडी हाउस और प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन को सुबह 10.45 बजे से सुबह 11.45 बजे के बीच बंद रखा जाएगा। इस कॉरीडोर में तीन लूप में मेट्रो का परिचालन किया जाएगा। पहले लूप में ट्रेनों का परिचालन नोएडा सिटी सेंटर से इंद्रप्रस्थ के बीच किया जाएगा। दूसरे लूप में वैशाली से यमुना बैंक के बीच ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा।
लाइन - छह
बदरपुर से केंद्रीय सचिवालय पहुंचने वाले मुसाफिरों को मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जाएगी। केंद्रीय सचिवालय पर सिर्फ इंटरचेंज की सुविधा ही उपलब्ध होगी।
बंद रहेंगी सभी पार्किंग : मेट्रो स्टेशनों पर स्थित सभी पार्किंग को शनिवार दोपहर दो बजे सील कर दिया जाएगा। रविवार गणतंत्र दिवस समारोह खत्म होने के बाद इन पार्किंग में वाहनों को पार्क करने की अनुमति दी जाएगी।