पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • रिहर्सल परेड के दौरान थल और वायु सेना में दिखी तालमेल की कमी

रिहर्सल परेड के दौरान थल और वायु सेना में दिखी तालमेल की कमी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नेशनल ब्यूरो - नई दिल्ली
गुरुवार को राजपथ पर फुलड्रेस परेड रिहर्सल के दौरान वायु, थल सेना और परेड ग्राउंड के बीच तारतम्य की कमी के कारण गफलत का माहौल बन गया। इसके लिए वायु और थल सेना के अधिकारी एक-दूसरे पर दोष मढ़ते नजर आए। थल सेना का कहना है कि वायु सेना के विमान समन्वय की कमी की वजह से समय से पूर्व रिहर्सल में आ गए और वायु सेना का मानना है कि झांकियां निर्धारित समय से दो मिनट देर से आईं, न कि हवाई जहाज पहले पहुंचे। थल सेना के दिल्ली क्षेत्र के डिप्टी कमांडर जनरल राजबीर सिंह ने कहा कि हवाई जहाज पहले पहुंच गए थे। समन्वय में दो मिनट की देरी हुई। जिसे आगे ठीक करने के उपाय किए जा रहे हैं, ताकि परेड के दौरान गणतंत्र दिवस पर यह गड़बड़ी न हो। बताया जाता है करीब तीस लड़ाकू विमान और हेलीकाप्टर उत्तर भारत के अलग-अलग ठिकानों से उड़ान भर चुके थे। इसके बाद पायलटों को दस मिनट के लिए देर करने को कहा गया। मगर फिर दूसरी कॉल आई, जिसमें निर्धारित समय से चार मिनट देर करने को कहा गया।
मगर तब तक ये जहाज हवाई रूट पर आकर लाइन अप कर चुके थे और उनका अब रास्ता बदलना मुश्किल था, क्योंकि सभी अलग-अलग स्पीड पर थे। रक्षा मंत्रालय के अधिकारी इस मामले को रफा-दफा करते हुए बोले कि ड्रेस रिहर्सल इसीलिए होती है, ताकि ऐसी गड़बड़ी दूर की जा सके। वायु सेना के अधिकारी ग्राउंड और एयर ट्रैफिक रिकॉर्ड खंगाल कर यह पता करने की कोशिश कर रहे हैं कि ऐसी स्थिति क्यों उत्पन्न हुई।