- Hindi News
- एयरपोर्ट की तर्ज पर मेट्रो स्टेशनों पर भी होगी सुरक्षा जांच
एयरपोर्ट की तर्ज पर मेट्रो स्टेशनों पर भी होगी सुरक्षा जांच
गणतंत्र दिवस समारोह की सुरक्षा के मद्देनजर चौकसी बरतेगी सीआईएसएफ
अनूप कुमार मिश्र - नई दिल्ली
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अंतर्गत आने वाले करीब 40 मेट्रो स्टेशनों पर अगले कुछ दिनों तक एयरपोर्ट की तर्ज पर सुरक्षा जांच की जाएगी। सीआईएसएफ ने यह फैसला गणतंत्र दिवस समारोह की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। निर्धारित मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा जांच के दौरान पहले पैड डाउन सर्ज किया जाएगा। पैड डाउन सर्ज के बाद मुसाफिर को डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से गुजरना होगा। इसके बाद हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से मुसाफिरों की सुरक्षा जांच की जाएगी।
सीआईएसएफ के अधिकारियों को अंदेशा है कि सख्त सुरक्षा जांच की वजह से मेट्रो स्टेशनों पर लंबी कतारें लग सकती हैं। बावजूद इसके सीआईएसएफ ने सुरक्षा से समझौता न करते हुए मुसाफिरों से अतिरिक्त समय लेकर मेट्रो स्टेशन पहुंचने के लिए कहा है। सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार जिन 40 स्टेशनों पर एयरपोर्ट की तर्ज पर सुरक्षा जांच करने का फैसला लिया गया है, उनमें जांच के लिए डॉग स्क्वॉड और क्विक रिएक्शन टीम की भी मदद ली जाएगी। एयरपोर्ट सिक्योरिटी की तर्ज पर प्रमुख रूप से केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक, चांदनी चौक, राजीव चौक, कश्मीरी गेट, करोलबाग, राजौरी गार्डन, कीर्ति नगर, अक्षरधाम, प्रगति मैदान सुरक्षा जांच की जाएगी।
छह मेट्रो स्टेशनों पर बीडीएस बैग खोलकर करेगी जांच
सीआईएसएफ ने छह मेट्रो स्टेशनों पर बीडीएस ((बम डिस्पोजल स्क्वायड)) को सामान की जांच के लिए तैनात किया है। बीडीएस की टीम मुसाफिरों के सामान का एक्स-रे होने के बाद दोबारा बैग खुलवाकर सामान की जांच करेगी। एक्सप्लोसिव डिटेक्टर के साथ जिन मेट्रो स्टेशन पर सामान की जांच की जाएगी, उनमें, राजीव चौक, करोल बाग, नई दिल्ली, आनंद विहार, चांदनी चौक और इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन शामिल हैं।
आठ स्टेशनों पर तैनात होगी बम डिस्पोजल स्क्वॉड
सीआईएसएफ ने एहतियातन करोलबाग, आनंद विहार, राजीव चौक, चांदनी चौक, नई दिल्ली, नेहरू प्लेस, इंद्र लोक और शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशन पर बम डिस्पोजल स्क्वॉड तैनात करने का फैसला किया है।