‘केजरीवाल के गुलाटी मारने का जवाब नहीं’
भास्कर न्यूज - नई दिल्ली
दिल्ली के कानून मंत्री सोमनाथ भारती को लेकर आप सरकार की चौतरफा किरकिरी हो रही है। युगांडा की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार के मामले में भारती को बर्खास्त करने की मांग को लेकर भाजपा विधायकों ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में तीसरे तल पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दफ्तर के बाहर धरना दिया और जमकर नारेबाजी की।
भाजपा विधायक दल के नेता डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि सरकार बनाने से लेकर अब तक केजरीवाल के गुलाटी मारने का जबाव नहीं है। लगभग 12 बजे हर्षवर्धन के साथ भाजपा के सभी विधायक सचिवालय पंहुचे और करीब ढाई घंटे तक धरने पर बैठे रहे।
मुख्यमंत्री केजरीवाल व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया जब बीजेपी विधायकों से मिलने पहुंचे तो उन्होंने चाय-पानी के लिए पूछा। इसपर हर्षवर्धन व भाजपा विधायकों ने कहा कि भारती को बर्खास्त कर दो, हम मिठाई समझ लेंगे। हर्षवर्धन ने कहा कि केजरीवाल ने पहले कहा था कि भाजपा व कांग्रेस दोनों भ्रष्ट हैं। फिर कांग्रेस के समर्थन से सरकार बना ली। कहा था हम आम आदमी की तरह दर्शक दीर्घा में 26 जनवरी की परेड देखेंगे लेकिन वे वीवीआईपी दीर्घा में परेड का आनंद ले रहे थे।
उन्होंने व उनके मंत्री ने मकान व कार नहीं लेने की बात कही थी लेकिन केजरीवाल से लेकर सिसोदिया ने सरकारी आवास व कार ली। उन्होंने कहा कि थ भारती ने जिस तरह से खिड़की एक्सटेंशन में गैर कानूनी ढंग से विदेशी छात्राओं के घर में छापा मारा इससे दिल्ली शर्मसार हुई है। भारती ने संवैधानिक पद का दुरुपयोग किया है। सीएम ने भारती को बचाने के लिए धारा 144 का उल्लंघन कर बगैर अनुमति धरना देकर दिल्ली को बंधक बनाया।