- Hindi News
- मैत्रेयी पुष्पा को महिला आयोग का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव
मैत्रेयी पुष्पा को महिला आयोग का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव
मौजूदा अध्यक्ष बरखा सिंह की छुट्टी तय, अभी एक साल चार महीने का कार्यकाल था बाकी
भास्कर न्यूज - नई दिल्ली
दिल्ली सरकार ने प्रख्यात उपन्यासकार मैत्रेयी पुष्पा का नाम दिल्ली महिला आयोग की नई प्रमुख के लिए उप-रा\\\'यपाल नजीब जंग के पास भेजा है। शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आप पार्टी की सरकार ने अपने वायदे के मुताबिक दिल्ली महिला आयोग के अध्यक्ष पद पर किसी गैर राजनीतिक और जानीमानी हस्ती को नियुक्त करने के अपने वायदे के तहत मैत्रेयी पुष्पा का नाम एलजी के पास भेजा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सभी आयोगों, समितियों व बोर्ड में जितनी भी राजनीतिक नियुक्तियां थी, सभी को कांग्रेस सरकार के जाने के साथ ही अपने पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए था।
महिला आयोग की मौजूदा अध्यक्ष बरखा सिंह पर आप पार्टी ने पद के राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया था। महिला आयोग ने दिल्ली के कानून मंत्री सोमनाथ भारती को समन किया था। २४ जनवरी को भारती के स्थान पर उनके वकील आयोग के समक्ष पेश हुए थे। अध्यक्ष पद से हटाए जाने की खबरों के बीच बरखा सिंह ने केजरीवाल सरकार पर आरोप लगाया कि भारती को समन करने और पद छोडऩे से इंकार करने के बाद उन्हें परेशान किया जा रहा है। बरखा सिंह ने कहा कि वह संवैधानिक पद पर हैं और उन्हें इससे इस्तीफा देने की जरूरत नहीं है भले ही उन्हें नियुक्त करने वाली कांग्रेस सरकार अब सत्ता में नहीं है। उन्होंने कहा कि भारती को खिड़की एक्सटेंशन मामले में तलब करने की वजह से परेशान किया जा रहा है। उधर, सूत्रों के मुताबिक एलजी ने दिल्ली सरकार से पूछा है कि आखिर किस आधार पर मौजूदा अध्यक्ष को हटाने की सिफारिश की जा रही है। क्या सरकार ने इसके लिए कानूनी राय ले ली है।
मैत्रेयी पुष्पा का परिचय
६९ वर्षीय पुष्पा हिंदी उपन्यासकार हैं जिन्होंने दस उपन्यास और सात लघुकथा संग्रह लिखे हैं। उनकी कृतियों में चाक, अल्मा कबूतरी, घूला नट और एक आत्मजीवनी कस्तूरी कुंडली बसे शामिल हैं। उनकी अधिकृत वेबसाइट के अनुसार वे महिलाओं से जुड़े सामयिक मुद्दों पर अखबारों में लिखती हैं और अपने बेबाक विचारों के लिए जानी जाती हैं। पुष्पा का जन्म अलीगढ़ जिले में हुआ था। उनका बचपन झांसी के पास बुंदेलखंड में खिल्ली नामक गांव में बीता और उन्होंने झांसी के बुंदेलखंड कॉलेज से पीजी डिग्री ली।