पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • काम नहीं हो रहे जनाब, चुनाव हार जाएंगे

काम नहीं हो रहे जनाब, चुनाव हार जाएंगे

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बरींद्र सिंह रावत - चंडीगढ़

‘शहर में लोगों के काम नहीं हो रहे जनाब। यही हाल रहा तो चुनाव हार जाएंगे। प्रशासन हमारी सुन नहीं रहा। पाटिल साहब को समझाओ।’ शहर के कांग्रेसी नेता अब दिल्ली दरबार में यही गुहार लगा रहे हैं।

शहर की विभिन्न संस्थाएं, कर्मचारी संगठन, व्यापारी, उद्योगपति सांसद पवन कुमार बंसल के पास शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। बंसल उनकी दिक्कतें प्रशासन के सामने उठा भी रहे हैं, लेकिन प्रशासक पाटिल के रवैये ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। बंसल प्रशासन के अफसरों के साथ लोगों की दिक्कतों को लेकर कई बार बैठक कर चुके है। अलग-अलग मुद्दों पर कई पत्र प्रशासन के अफसरों को लिख चुके हंै।

शहर के लोगों की दिक्कतें राहुल गांधी, शकील अहमद, होम मिनिस्टर सुशील कुमार शिंदे के साथ-साथ प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तक पहुंचाई गई हैं। चंडीगढ़ कांग्रेस के नेताओं ने पार्टी हाईकमान को बताया है कि वह शहर के लोगों को समझा नहीं पा रहे कि उनकी दिक्कतें हल क्यों नहीं हो रहीं। लोग यही सवाल पूछ रहे हैं कि केंद्र में सरकार कांग्रेस की है, प्रशासक शिवराज पाटिल कांग्रेस से जुड़े हैं, तो फिर उनके काम क्यों नहीं हो रहे? ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की बैठक के दौरान राहुल गांधी के सामने चंडीगढ़ की दिक्कतें रखी गईं, तो उन्होंने शकील अहमद से प्रशासक पाटिल से बात करने को कहा। शकील अहमद ने भी जब इसमें अपनी मजबूरी जाहिर की तो राहुल ने कहा कि वह खुद इस मसले पर शिंदे और पाटिल से बात करेंगे।



कांग्रेस के सामने चुनौतियां अधिक: बहल

चंडीगढ़ कांग्रेस प्रेसिडेंट बीबी बहल के अनुसार वह शहर के लोगों की दिक्कतें पार्टी हाईकमान के सामने रख चुके हैं। बहल कहते हैं- शहर के लोगों की दिक्कतें बरकरार हैं, जिससे कांग्रेस के समक्ष चुनौतियां अधिक हंै। बंसल भी पार्टी के सीनियर नेताओं के सामने शहर के लोगों की मांग रख चुके हैं। होम मिनिस्टर, डिफेंस मिनिस्टर तक वह लोगों की बात पहुंचा चुके हैं। पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर हरमोहिंदर सिंह लक्की का कहना है कि उन्होंने ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के मंच पर राहुल गांधी को शहर की दिक्कतें बताई थीं। उन्होंने पाटिल से बात करने की बात कही है। कांग्रेस प्रवक्ता प्रदीप छाबड़ा को उम्मीद है कि पार्टी के सीनियर नेताओं के हस्तक्षेप से शहर के लोगों की दिक्कतें काफी हद तक दूर हो जाएंगी।



आ गई जनता की याद

शहर के कांग्रेसी नेता दिल्ली दरबार में लगा रहे गुहार