सुबे सिंह को मिला भीम अवॉर्ड...
चंडीगढ़ - भारतीय वॉलीबॉल टीम के पूर्व कप्तान और कोच ओमप्रकाश बुधवार को काफी खुश थे। उनके ट्रेनी रहे सुबे सिंह को भीम अवॉर्ड से नवाजा गया। एचएसआईडीसी पंचकूला में सहायक मैनेजर सुबे सिंह भी भारतीय सीनियर टीम के कप्तान रह चुके हैं। सुबे सिंह पर कोच ओमप्रकाश की नजरे वर्ष 2000 में पड़ी। भिवानी में तब हरियाणा जूनियर टीम का कैंप लगा था और ओमप्रकाश टीम के कोच थे। तभी उन्होंने सुबे की प्रतिभा को पहचान कर ट्रेनिंग शुरू की। 2002 में जब एचएसआईडीसी में वॉलीबॉल टीम बनी तो कोच ने लिख कर दिया था कि सुबे सिंह के पास भारतीय टीम में जाने की प्रतिभा है, अगर वह टीम में शामिल हुआ तो, इसकी ट्रेनिंग का सारा खर्च मैं खुद वहन करूंगा। 2006 में सुबे ने भारतीय टीम में जगह बना कर कोच के सपने को पूरा कर दिया।