- Hindi News
- ‘अनुबंध आधार पर लगे कर्मियों को पक्का करें’
‘अनुबंध आधार पर लगे कर्मियों को पक्का करें’
भास्कर न्यूज - पिंजौर
अपनी मांगों को लेकर बिटना आईटीआई के कर्मचारी वीरवार को हड़ताल पर बैठ गए। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान यूनियन के प्रधान अजय कुमार के नेतृत्व में हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया।
अजय ने बताया कि वर्तमान हरियाणा सरकार ने प्रदेश में आद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दर्जनों नई आईटीआई का विस्तार व निमार्ण करवाया। वर्ष 2005 से 2013 तक 2037 अनुबंध अनुदेशकों को 60740 छात्रों को कुशल कारीगर बनाने के लिए अनुबंध आधार ((डीसी रेट)) पर नियुक्ति दी थी और स्थाई अनुदेशकों के समान काम करने के बावजूद हमें उनके वेतन के आधे वेतन से भी कम वेतन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे संघ ने जो फैसला 18 जनवरी 2014 को हांसी के जिला हिसार की बैठक में लिया था कि हम 21, 22, 23 जनवरी 2014 को प्रदेश स्तरीय हड़ताल करेगें अगर प्रदेश सरकार ने हमारी मांगो पर कोई ठोस कदम नही उठाया तो आगामी 1 फरवरी को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आमरण अनशन करने का फैसला लिया गया है। जिसकी सूचना 11 जनवरी 2014 को सभी उच्च अधिकारी शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री हरियाणा व दिल्ली के मुख्यमंत्री को भी दे दी गई है।
क्या हैं मुख्य मांगें: अनुबंध आधार पर लगे अनुदेशक जिनकी सेवा दो वर्ष की हो जाती है उन्हें तुरंत प्रभाव से नियमित किया जाए, जब तक नियमित नहीं किए जाते तब तक नियमित कर्मचारी के अनुसार समान कार्य के बदले समान वेतन दिया जाए, अनुबंध आधार पर कार्यरत अनुदेशको की स्थानातरण नीति बनाई जाए, मृत्यु होने पर 5 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाए, हटाए गए अनुबंध आधार अनुदेशको को वापिस लिया जाए।