- Hindi News
- एसएसपी की कोशिश भी बचा न पाई हादसे में घायल युवकों को
एसएसपी की कोशिश भी बचा न पाई हादसे में घायल युवकों को
मोहाली - खरड़-बनूड़ मार्ग पर स्थित गांव टंगोरी के पास सड़क दुर्घटना में घायल दो बाइक सवार युवक घायल अवस्था में पड़े थे। इस मार्ग पर पटियाला से आ रहे एसएसपी मोहाली इंदरमोहन सिंह भट्टी ने जब इन युवकों को देखा तो इन्हें अपनी साथ चल रही गाड़ी से पायलेट जिप्सी की अगुवाई में इन दोनों युवकों को सिविल अस्पताल फेज-६ पहुंचाया। जहां पहुंचने पर डॉक्टर ने दोनों युवकों को मृतक घोषित कर दिया। एसएसपी का प्रयास युवकों की जान न बचा सका। जिसको लेकर उन्हें बहुत खेद है। दोनों की लाश सिवल अस्पताल मॉर्चरी में रखी गई है। टंगोरी के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की १०वीं क्लास के स्टूडेंट कमलजीत सिंह और गुरप्रीत सिंह एक बाइक पर छुट्टी के बाद वीरवार दोपहर बाद मोटेमाजरा की ओर जा रहे थे। जब वह बुटी माजरा टी-प्वाइंट के पास पहुंचे तो एक ट्रक को ओवरटेक करती हुई बस की चपेट में आ गए। इस कारण यह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जब यह दुर्घटना हुई तो उस समय एसएसपी मोहाली पटियाला से एक मीटिंग से वापस आ रहे थे। एसएसपी ने बताया कि उन्होंने युवकों को अपने साथ चल रही दूसरी गाड़ी के जरिए सिविल अस्पताल मोहाली में भेजा। उनकी पायलेट जिप्सी युवकों को ले जाने वाली कार के आगे लगाई गई थी ताकि वे जल्दी अस्पताल पहुंच सकें। उन्होंने बताया कि लड़कों की हालत गंभीर थी और खून भी बह चुका था। डॉक्टर्स ने दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच पुलिस कर रही है। बस चालक फरार है।