पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • चंडीगढ़ कालका की लोकल बस सर्विस में बसों की संख्या हुई कम

चंडीगढ़-कालका की लोकल बस सर्विस में बसों की संख्या हुई कम

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - कालका
हरियाणा रोडवेज की कालका-चंडीगढ़ के बीच लोकल सर्विस का इतना बुरा हाल हो जाएगा, ऐसा शायद किसी ने सोचा भी नहीं होगा। पिछले लंबे समय से लोकल सर्विस के हालात यह हैं कि सुबह होते ही लोकल सेवा बंद हो जाती है। यह बात हैरान करने वाली जरूर है, लेकिन सच्चाई यही है। वर्ष 2000 तक जहां इस रूट पर विभाग की 12 बसें सरपट दौड़ती थी, वहीं अब बसों की संख्या मात्र तीन ही रह गई है। इन तीन बसों में से भी दो बसों को स्कूल व आईटीआई के स्टूडेंट्स के लिए लगा रखा है, जिससे दो बसें चंडीगढ़ के लिए ज्यादा नहीं चल पाती हैं। जानकारी के अनुसार हरियाणा रोडवेज की लोकल बस सर्विस वर्ष 2000 तक काफी बेहतर थी। लेकिन इसके बाद धीरे धीरे रोडवेज की लोकल बस सेवा बदहाल होने लगी। अब हालात यह हैं कि कालका से चंडीगढ़ के लिए सुबह 6:40 बजे सर्विस शुरू होती है और सुबह करीब 11 बजे लोकल सेवा बंद हो जाती है। इन 13 सालों के दौरान आबादी बढ़ी और इसके साथ ही बढ़ी यात्रियों की संख्या, डेली पैसेंजरों की संख्या में उछाल आया।



क्या कहते हैं लोग



॥लोकल सर्विस बदहाल होने के कारण चंडीगढ़ के स्कूल व कालेजों में पढऩे वाले स्टूडेंट्स भी परेशान हैं। क्योंकि वह बसों का इंतजार करते ही रह जाते हैं और आखिरकार उन्हें किराया खर्च करके घर पहुंचना पड़ता है।

-अनिल जैन, पूर्व पार्षद

॥लोकल बस सर्विस की ओर विभाग ध्यान नहीं दे रहा है , लोग तो परेशान हैं। बस अड्डा के बाहर सुबह से रात तक मैक्सी कैब खचाखच भरी हुई चलती हैं।

-दलजीत सिंह

॥लोकल बस सर्विस का ऐसा बुरा हाल हो जाएगा यह तो लोगों ने कभी सोचा भी नहीं था। चंडीगढ़ डीपो लाभ में चल रहा है। सरकार लोकल सर्विस को बेहतर बनाने और लोगों को सुविधाएं देने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है।

-सचिन शर्मा,एडवोकेट

॥लोकल सेवा पटरी से उतरने का खामियाजा ज्यादातर डेली पैंसेजर उठाना पड़ रहा है। क्योंकि लॉन्ग रूट के बस वाले लोकल यात्रियों को कम बैठाते हैं।

-डॉ. रोहित वर्मा

रोडवेज की कालका-चंडीगढ़ सर्विस उतर चुकी है पटरी से