१० दिन बाद, आज होगी सफाई
भास्कर न्यूज - मोहाली
नगर निगम सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को १०वीं दिन भी जारी रही, लेकिन देर रात सफाई कर्मचारी यूनियन नेताओं और सरकार के बीच हुई वार्ता के बाद हड़ताल को 20 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। हड़ताल स्थगित होने के साथ ही सफाई का काम शुरू करने के लिए आश्वासन दिया गया है। नगर निगम द्वारा शनिवार और रविवार की छुट्टी के दिन शहर में सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस हड़ताल को खुलवाने के लिए जांलधर में यूनियन नेताओं के साथ एक मीटिंग कर अधिकारी व नेता सीएम से मिलने गए थे। सीएम से मंजूरी मिलने के बाद कुछ मांगें मानी जाने की मंजूरी मिलने के बाद इसे सेक्रेटरी लोकल बॉडीज को भेजा गया, जिसके बाद हड़ताल स्थगित की गई है।
सोलिड वेस्ट प्रोजेक्ट में संशोधन का समय दिया: यूनियन के नेता सज्जन सिंह ने कहा कि वह किसी भी प्रकार से सॉलिड वेस्ट प्रोजेक्ट के खिलाफ नहीं है, लेकिन इसमें संशोधन जरूरी है। अधिकारियों ने उन्हें २० फरवरी तक का समय मांगा है।
आसपास की एमसी का लेंगे सहयोग
निगम कमिशनर उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि शनिवार सुबह से सफाई कर्मी काम पर लौट रहे हैं। पूरे शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए व्यापक स्तर पर काम किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो आसपास की नगर परिषद से भी कर्मचारी बुलाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से कहा कि अपने सफाई कर्मियों को ही घर का कूड़ा दें, अगर कहीं ज्यादा गंदगी फैली है तो उसकी जानकारी निगम की हेल्पालाइन १८००१३७०००७ पर दें सकते हैं। पूरे शहर की सफाई के लिए दो दिन लगेंगे।
निगम कमिश्नर ने कहा- कहीं सफाई न हो तो १८००१३७०००७ पर बताएं