अपनों से दूर जाने का मन नहीं करता
मोहाली - 19 साल बाद लोहड़ी का त्यौहार बड़ी धूमधाम के साथ सभी ने इकट्ठे होकर मनाया। ताउम्र याद रहेगा। इतना कहते ही शमशेर सिंह सभी से विदाई लेते हुए बुडै़ल जेल की ओर चल पड़े। उनके साथ लखविंदर सिंह भी थे। लखविंदर ने बताया कि 28 दिनों की पैरोल पर आकर खुश हुआ, लेकिन अपनों से दूर जाते हुए दुख हो रहा है। पंजाब के पूर्व सीएम स्व. बेअंत सिंह हत्या के आरोपी शमशेर और लखविंदर को 27 दिसंबर को 28 दिनों की पैरोल पर रिहा किया गया था। शनिवार को 28 दिनों की पैरोल खत्म हो जाने से पहले दोनों फेज-8 स्थित गुरुद्वारा अंब साहिब में माथा टेकने पहुंचे। जिसके बाद दोनों अपने परिवार सहित बुड़ैल तक साथ गए और फिर विदाई लेने के बाद अंदर चले गए।