मजीठिया ने फहराया रोपड़ में तिरंगा
भास्कर न्यूज - रोपड़
रोपड़ में गणतंत्र दिवस समारोह में पंजाब के रेवेन्यू व लोक संपर्क मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने राज्यवासियों से आह्वान किया कि वो आदर्श पंजाब के निर्माण में योगदान देने के लिए अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएं। साथ ही उन्होंने पंजाब सरकार का सौर ऊर्जा बिजली प्रोजेक्ट लगाने तथा रोजगार उत्पन्न करने का विजन भी बताया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में योगदान डालने वाले शूरवीरों को याद किया। उन्होंने कहा कि पंजाब निवेश के लिए बढिय़ा राज्य बन चुका है तथा भारतीय रिजर्व बैंक की रिपोर्ट में पंजाब को औद्योगिक राज्यों में शुमार किया गया है। जबकि विश्व बैंक की रिपोर्ट में पंजाब के लुधियाना शहर को निवेश के लिए सबसे बढिय़ा शहर घोषित किया गया है। उन्होंने केंद्र से ऐसी नीति बनाने की अपील की जिसमें किसी राज्य का नुकसान न हो। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा नई नीति के तहत साल 2022 तक सौर ऊर्जा प्रोजेक्टों से 1 हजार मेगावॉट बिजली पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी नीति के तहत 400 मेगावॉट क्षमता वाले छोटे, माइक्रो हाइडल प्रोजेक्टों तथा 50 मेगावॉट क्षमता के कूड़ा करकट से बिजली पैदा करने के प्रोजेक्टों के लिए भी योजनाबंदी की गई है। इससे अगले चार सालों के दौरान 2500-3000 करोड़ रुपए के निवेश से 2 हजार से भी ज्यादा नौकरियां भी पैदा होंगी। उन्होंने कहा कि बादल सरकार ने 17 हजार करोड़ रुपए के निवेश वाला 100 फीसदी बुनियादी ढांचा प्रोजेक्टों का विशेष प्रोग्राम शुरू किया है। इसके तहत सड़कें, बस स्टैंड, अंतरराज्यीय चेक पोस्टें, खेल कांप्लेक्सों, पांच सितारा होटल कम कन्वेंशन सेंटर तथा एक राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर बनाने की योजना है।
नेहरू स्टेडियम रोपड़ में रविवार को गणतंत्र दिवस समागम के मौके पर कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया परेड का निरीक्षण करते हुए।
गणतंत्र दिवस पर नेहरू स्टेडियम रोपड़ में रंगारंग कार्यक्रम पेश करते बच्चे।
गणतंत्र दिवस - समारोह में खिलाडिय़ों सहित 38 शख्सियतों को किया गया सम्मानित
मंत्री ने बताया पंजाब सरकार का विजन
: नेहरू स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह की समाप्ति पर कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया वहीं से आगे के लिए निकल गए। जबकि आमतौर पर कैबिनेट मंत्री ऐट होम में शामिल होते हैं और पत्रकार सम्मेलन करते हैं।
: इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में सुरक्षा के प्रबंध बेहद कड़े रखे गए थे।
:मजीठिया ने नशों के कारोबार को नकेल डालने के लिए किए काम के लिए पंजाब पुलिस की तारीफ भी की।
: बिक्रम सिंह मजीठिया ने समारोह में भाग लेने वाले विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों को तीन लाख रुपए देने का एलान भी किया।