- Hindi News
- ‘आप’ का टिकट मिला तो लड़ सकती हूं चुनाव : सविता भट्टी
‘आप’ का टिकट मिला तो लड़ सकती हूं चुनाव : सविता भट्टी
भास्कर न्यूज - चंडीगढ़
रिपब्लिक डे पर अपना जन आधार टटोलने के लिए आम आदमी पार्टी ने जनसभा आयोजित की। ‘आप’ ने शहर में दूसरी जनसभा कर चुनावी सरगर्मियां शुरू कर दी हैं। रविवार को सेक्टर-25 के रैली ग्राउंड में हर आम आदमी की समस्याएं उठाई गईं। गांवों में लाल डोरे की समस्या से लेकर बिजली की दरों में वृद्धि पर चिंता जताई गई। शहर की समस्याओं को दूर करने के लिए चुनाव से पहले ‘आप’ ने ओपन मेनिफिस्टो तैयार करने की घोषणा की। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य जय हिंद ने जनसभा को संबोधित किया। ‘आप’ में शामिल हुईं सविता भट्टी भी जनसभा में शामिल हुईं।
सविता भट्टी ने बताया कि वे लोहड़ी के दिन 13 जनवरी को आप पार्टी में शामिल हुई थीं। 26 जनवरी को ‘आप’ की रैली के बारे में पता चला तो यहां आ गईं। जब उनसे पूछा गया कि अगर उन्हें लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ से ‘आप’ पार्टी का टिकट मिला तो क्या वे चुनाव लड़ेंगी तो उन्होंने कहा कि अगर टिकट मिला तो वे चुनाव लड़ सकती हैं।
‘आप’ की इस जनसभा के आयोजन का उद्देश्य शहर के आम आदमी के मुद्दों को सामने लाना था। जनसभा में लोगों ने एक साथ बिजली की दरों में वृद्धि का विरोध किया। शहर की कॉलोनियों में रहने वालों के पुनर्वास, लाल डोरे का विस्तार और शहर में महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बंदोबस्त की बात भी कही गई। जनसभा में अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के लीडर शमशेर लोटिया ने आमआदमी पार्टी जॉइन की। भारतीय दलित समाज सेवा दल के लीडर कल्याणजी भी आप में शामिल हुए।
५०० ने ली मेंबरशिप: शहर में करीब ५०० लोगों ने आप की मेंबरशिप ली। जनसभा में जय हिंद ने कहा कि आप केवल लोगों के काम करने के लिए बनी है। आप का हर कार्यकर्ता समाज के हित में काम करेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबको बराबर का हक मिलना चाहिए। जनसभा में शहर के विभिन्न वर्गों के 500 से अधिक लोग शामिल हुए।