जर्जर भवन में चल रहा उप-तहसील ऑफिस
भास्कर न्यूज - रायपुररानी
बीडीपीओ कार्यालय की बिल्डिंग में दो छोटे कमरों में चल रहे उप-तहसील कार्यालय के कमरों की हालत दयनीय बनी हुई है। कमरों में काफी सीलन आ गई है। बारिश के दिनों में कार्यालय के रीडर रूम में बारिश का पानी टपकता है। इस कार्यालय के तहत करीब चार दर्जन गांव आते हैं और कार्यालय से सरकार को हर साल करोड़ों राजस्व हासिल होता है। रीडर रूम में सीलन के चलते व कमरे का लैंटर उखडऩे से कमरे के गिरने का भय बना हुआ है। कमरे में कार्यालय का रिकॉर्ड भी फर्श पर पड़ा दिखाई देता है। कार्यालय के अपने भवन निर्माण को 22 मार्च 2013 को पीडब्ल्यूडी मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला के कालका में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान मंजूरी मिली हुई है। कार्यालय का भवन निर्माण कब शुरू होगा, यह तय नहीं है। ग्राम पंचायत रायपुररानी की ओर से भी वर्ष 2006 में अपनी पंचायती भूमि उप-तहसील कार्यालय की बिल्डिंग के निर्माण हेतु राजस्व विभाग को गिफ्ट डीड की हुई है। पंचायती भूमि दिए हुए भी आठ वर्ष बीतने को हैं। भवन निर्माण की मंजूरी को भी एक वर्ष होने वाला है। भवन निर्माण करीब पौने तीन करोड़ की मंजूर राशि से होना है।
बीडीपीओ कार्यालय की बिल्डिंग में दो छोटे कमरों में आई सीलन व दरारें