पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बगावत की वजह

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बरींद्र सिंह रावत - चंडीगढ़

‘शहर से लोकसभा के लिए कांग्रेस की टिकट चाहे विनोद शर्मा को दो, मनीष तिवारी को या कांग्रेस के किसी नेता को, लेकिन पवन कुमार बंसल को नहीं।’ कांग्रेस महासचिव एवं पार्टी की चंडीगढ़ इकाई के प्रभारी शकील अहमद के सामने हरमोहिंद्र सिंह लक्की ने यह मांग की। उनके साथ कुछ और कांग्रेसी नेता थे। सोमवार को अहमद कांग्रेस भवन में प्रदेश इलेक्शन कमेटी की मीटिंग लेने आए थे। मीटिंग से पहले ही बंसल के खिलाफ बगावत सामने आ गई।

पूर्व डिप्टी मेयर एवं कांग्रेस अर्बन-1 के प्रेसिडेंट लक्की ने कहा कि बंसल शहर में परिवारवाद की राजनीति कर रहे हैं। उन्हें तो अब रिटायरमेंट ले लेनी चाहिए। पार्टी में वर्करों की कद्र नहीं है। मनीष बंसल यूथ कांग्रेस चला रहे हंै और मधु बंसल महिला कांग्रेस। लोगों की समस्यांए जस की तस हैं। प्रदेश इलेक्शन कमेटी गुपचुप तरीके से बैठकें करके बंसल का नाम प्रस्तावित करके भेज रही है, जो मंजूर नहीं है। हालत यह है कि इलेक्शन कमेटी की मीटिंग की जानकारी ही ज्यादातर कांग्रेसियों को नहीं दी गई थी। इसके बाद प्रदेश इलेक्शन कमेटी की मीटिंग में फैसला लिया गया कि चंडीगढ़ कांग्रेस से अकेले पवन बंसल का नाम लोकसभा टिकट के लिए नहीं जाएगा। कांग्रेस की टिकट के इच्छुक नेता 29 जनवरी तक अपने नाम कमेटी को भेज सकते हैं। बंसल के सांसद बनने के बाद से यह पहली बार होगा, जब हाईकमान के पास कई नाम जा सकते हैं। अब तक सिर्फ बंसल का नाम ही जाता था।

इनके भी नाम गिनाए: अहमद के सामने लक्की ने कहा- कांग्रेस चाहे तो मुकेश बस्सी, रविंदर पाल सिंह पाली, सुभाष चावला, दविंदर सिंह बबला, प्रदीप छाबड़ा, डीडी ंिजंदल, भूपिंदर बड़हेड़ी या फिर मुझे भी टिकट दे सकती है। पार्टी में पुराने चेहरों के बजाय नए एवं युवा चेहरों को टिकट दी जानी चाहिए। खैर लक्की ने जिन आठ नेताओं के नाम नए चेहरे के तौर पर लिया है, उनमें से चार काउंसलर का इलेक्शन भी हार चुके हैं।

अहमद बोले- जो चुनाव लडऩा चाहते हैं 29 तक भेजें नाम

आज न बोलते तो फिर

नहीं मिलता मौका

सोमवार को प्रदेश इलेक्शन कमेटी ने बंसल का नाम फाइनल करके पार्टी हाईकमान को भेजना था। बागी सोमवार को न बोलते तो फिर उन्हें मौका नहीं मिलता।

शकील अहमद के सामने लक्की और अन्य असंतुष्ट कांग्रेसियों ने कहा- इलेक्शन कमेटी की बैठक तक की उनको जानकारी नहीं दी गई थी। फोटो: भास्कर

कांग्रेस अध्यक्ष बीबी बहल का कहना है कि कांग्रेस का कोई भी वर्कर या नेता 29 जनवरी तक टिकट के लिए आवेदन कर सकता है। अकेले बंसल का नाम नहीं भेजा जाएगा। बहल प्रदेश इलेक्शन कमेटी के मेंबर भी हैं। इस कमेटी में जेएन शास्त्री, रविंदर पाल सिंह पाली, खलील अहमद, ललित जोशी, मनिंदर ढिल्लों, मीनाक्षी चौधरी, डीडी जिंदल, सोहन लाल वैद्य शामिल हैं। इनमें से कुछ बंसल के नाम से सहमत नहीं हैं।



अभी ऐसी कोई संभावना नहीं है: विनोद शर्मा

॥मेरा नाम बेशक चंडीगढ़ कांग्रेस के नेताओं ने उठाया है, लेकिन अभी ऐसी कोई संभावना नहीं है। 29 जनवरी तक नाम मांगे गए हैं। देखते है कौन-कौन आवेदन करता है। चंडीगढ़ से चुनाव लडऩे की संभावना पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।

-विनोद शर्मा



बंसल की ओपी वर्मा से नजदीकी से नाराजगी

तैयारी तो दो माह से थी, रविवार की बैठक में बनी रणनीति



4 दिन पहले ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अधिवेशन पर लक्की ने राहुल गांधी के सामने पवन बंसल की तारीफों के पुल बांधे थे। दरअसल, वीरवार को बंसल का सेक्टर-20 में सीनियर कांग्रेसी नेता ओपी वर्मा के कार्यक्रम में जाना भी सोमवार की घटना की वजह बना। काउंसलर के पिछले दो चुनावों में ओपी वर्मा लक्की के खिलाफ खड़े हुए। वर्मा कभी जीते नहीं, लेकिन लक्की की हार की वजह बने। सेक्टर-20 के कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को लेकर लक्की बंसल से मिलने गए थे और कहा था कि ओपी वर्मा के कार्यक्रम में न जाएं। बंसल ने लक्की को साफ शब्दों में मना कर दिया था। इसके बाद भूपिंदर बड़हेड़ी भी बगावत में शामिल हुए। वजह बना काउंसलर का टिकट न मिलने की नाराजगी।

बंसल के खिलाफ आवाज उठाने की तैयारी दो महीने से चल रही थी। चंडीगढ़ कांग्रेस के नेताओं का एक वर्ग बंसल से नाराज है। इस गुट के नेताओं की रविवार शाम को सेक्टर-27 में बैठक हुई, जिसके बाद आवाज उठाने का फैसला किया गया। इस बैठक में लक्की, दविंदर सिंह बबला, रविंदर पाल सिंह पाली, भूपिंदर सिंह बड़हेड़ी, विजय राणा, डीडी जिंदल आदि मौजूद थे। इस गुट को लग रहा है कि बंसल को टिकट मिलती है तो कांग्रेस के लिए जीत आसान नहीं होगी। बंसल अपने बेटे मनीष को प्रमोट कर रहे हैं।

सभी को मिलेगा मौका: शकील अहमद

॥पार्टी के कई नेताओं ने चयन प्रक्रिया को लेकर नाराजगी जताई थी। सभी को 29 जनवरी तक आवेदन करने को कहा गया है। पार्टी में सभी को अपनी बात कहने का मौका मिलेगा। कोई भी टिकट के लिए आवेदन कर सकता है। हमें राहुल गांधी का सपना साकार करना है।

-शकील अहमद