साथियों के साथ बबलू हैप्पी है
सिटी रिपोर्टर चंडीगढ़
‘ब्यूटी’,‘क्यूटी’ और ‘ड्यूटी’ ये तीनों चीजें बॉलीवुड फिल्म ‘बबलू हैप्पी है’ की शान है। यंगस्टर्स से कहीं न कहीं जुड़ी इन चीजें को ‘बबलू’ बनकर पर्दे पर निभाते दिखेंगे चंडीगढ़ के साहिल आनंद। ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ के बाद यह उनकी दूसरी फिल्म है जहां वे लीड रोल में हैं। उनके साथ प्रीत कमल व सुमित सूरी भी मुख्य किरदारों में दिखेंगे। हालांकि प्रीत की यह डेब्यू फिल्म है जबकि सुमित ‘वॉर्निंग’ और ‘वट द फिश’ जैसी फिल्में पहले कर चुके हैं। 7 फरवरी को रिलीज हो रही इस फिल्म को प्रमोट करने यह कलाकार शहर पहुंचे। मनीमाजरा के ‘तश्या’-जूलरी एंड ट्रूसो स्टोर में उनसे मुलाकात हुई। अपने एक्सपीरियंस शेयर करते हुए प्रीत ने बताया कि फिल्म का सॉन्ग शूट करते हुए बहुत एंजॉय किया।
फिल्म में शंकर महादेवन का सॉन्ग ‘उहे बतियां’ को छोटे-छोटे पार्ट में शूट करना था ताकि डिफरेंट स्क्रीन, एक्सपोजर और इफेक्ट मिल सकें। फिर उन्हें म्यूजिक और डांस के साथ मिक्स करके सॉन्ग के सीक्वेंस में जोड़ा जाए। इसकी शूटिंग मनाली में थी, जिसे मिड-लेंथ ड्रेस में शूट करना था। हर रोज सुबह 6 बजे उठकर तैयार होती। मेकअप-हेयर स्टाइलिंग कर शूटिंग पर पहुंचती। पर कभी बर्फ पड़ जाती तो कभी कोई और कारण। शूटिंग लेट शुरू होती तो कभी काफी इंतजार करने के बाद कैंसिल हो जाती। ऐसा डेढ़ महीने तक चला। फिल्म में तमन्ना का किरदार निभा रही हूं जो अपने फियांसे ‘बबलू’ को पैम्पर करते दिखेगी। बर्फ में शूट करना कैसा रहा, इससे जुड़ा कोई लम्हा? इस पर सुमित सूरी कहते हैं,‘बहुत मजा आया। रोड़ जर्नी पर जाते हुए साहिल, मुझे और अनमोल को सॉन्ग शूट करना था। सड़क के किनारों पर बहुत ज्यादा बर्फ जमीं हुई थी। वहां से गुजरते हुए एक पहाड़ दिखा, जोकि डायरेक्टर को शूटिंग के लिए काफी आकर्षक लगा। वहीं गाड़ी रोकी और मैं और साहिल आगे चलने लगे। अनमोल पीछे फोटो क्लिक करता आ रहा था। मस्ती करने के लिए हम दोनों ने उसे उठाया और बर्फ में रोल करने लगे। बहुत फिसलन थी। इसलिए वो रोल करते हुए काफी दूर चला गया और आगे जाकर बर्फ में फंस गया। उस की ऐसी हालत देखकर हम एकदम हंस पड़े और अनमोल को वहां से किसी तरह बाहर निकाला।’