- Hindi News
- एग्रीकल्चर से संबंधित कंपनियां पहुंचेंगी मीट में
एग्रीकल्चर से संबंधित कंपनियां पहुंचेंगी मीट में
भास्कर न्यूज - मोहाली
मोहाली के चप्पड़चिड़ी में स्थित बाबा बंदा सिंह बहादर जंगी यादगार में 16 से 19 फरवरी को होने वाले प्रोग्रेसिव पंजाब एग्रीकल्चर मीट को लेकर तैयारियां चल रही हैं। इस मीट में हिस्सा लेने के लिए देश-विदेशों से काफी संख्या में किसान और एग्रीकल्चर से संबंधित कंपनियां पहुंचेंगी। डीसी तेजिंदरपाल सिंह सिद्धू ने कहा कि मीट को लेकर तैयारियां की जा रही है।
मंगलवार को मौके पर तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे डीसी ने कहा कि मीट के दौरान काफी संख्या में किसानों व डेलीगेट्स ने आना है इसे लेकर उन्हें हर तरह की सुविधा देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चप्पड़चिड़ी के मैदान में मीट के दौरान खेतीबाड़ी व सहायक धंधों को लेकर एक विशाल प्रदर्शनी लगाई जानी है।
मीट के दौरान आने वालों के लिए आने जाने में किसी तरह की कोई मुश्किल न हो इसे लेकर पुख्ता प्रबंध किए जा रहे है। डीसी ने कहा कि किसानों को खेती से ज्यादा से ज्यादा फायदा किस तरह से हो सकता है इसे लेकर आपसी विचार-विमर्श भी किया जाएगा। मीट के दौरान आने वाले किसानों को खेती के अलावा अन्य रोजगारों के बारे भी जानकारी दी जाएगी जिससे वे ज्यादा लाभ हासिल कर सकते है।
सड़कों का काम: प्रोग्रेसिव पंजाब एग्रीकल्चर मीट को लेकर चप्पड़चिड़ी के मैदान के आसपास सड़कों को बनाए जाने का काम शुरू किया गया है। फतेह बुर्ज को आने वाली हर सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। इसके अलावा मीट के दौरान किसानों को जहां से मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं की ओर से संबोधित किया जाएगा उस स्टेज को बनाए जाने का काम चल रहा है। जहां पर स्टेज बनाया जाएगा वहां की जमीन गीली होने से वहां ईंटों को लगाकर पक्के तौर पर जमीन को तैयार किया जा रहा है।
सम्मेलन को लेकर फतेह बुर्ज के पास सड़क तैयार की जा रही है।
हर राज्य से आएंगे किसान
पंजाब सरकार द्वारा प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स मीट करवाने के बाद किसानों से संबंधित पंजाब प्रोग्रेसिव एग्रीकल्चर मीट करवाने की तैयारी की है, जिसमें पंजाब के अलग-अलग सफल किसान शामिल होंगे। इस मीट में ३ हजार किसानों के आने का अनुमान है। इस मीट में एग्रीकल्चर से संबंधित कंपनियों को भी बुलाया जाएगा ताकि किसानों के लिए नई तकनीकों व उनकी फसलों को लेकर प्रोडक्ट्स तैयार किए जा सके। अकाली दल बादल को किसानों की पार्टी माना जाता है। पंजाब प्रोग्रेसिव इन्वेस्टर्स मीट करवाने के बाद सरकार यह छवि ना बन जाए कि सरकार किसानों को छोड़ व्यापारियों की ओर झुक गई है।
प्रोग्रेसिव पंजाब एग्रीकल्चर मीट में १६ से १९ फरवरी को पहुंचेंगे देश-विदेश से किसान, प्रशासन जुटा तैयारियों में