ऑन द स्पॉट होगा चालान का भुगतान
भास्कर न्यूज - मोहाली
यदि अब आप पंजाब के किसी भी जिले से मोहाली काम के लिए आए हैं और गलती से अपने टैफिक नियमों की उल्लंघन कर दी तो आपका चालान तो होगा ही, लेकिन आपको यह फायदा मिलेगा कि जिला ट्रांसपोर्ट ऑफिस के बार बार चालान निकलवाने के लिए चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आप कटे चालान का मौके पर ही भुगतना कर सके अपनी गाड़ी ले जा सकते हैं। जबकि इससे पहले ऐसा कुछ नहीं होता था। स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी की यह पॉलिसी पहले ही पंजाब के अधिकतर जिलों में चल रही थी लेकिन कुछ दिन पहले ही मोहाली पुलिस ने भी इसे लागू कर दिया। ऑन द स्पॉट चालान पेमेंट से जहां बाहरी जिलो व अन्य राज्यों से आने वाले वाहन चालक को फायदा मिल रहा है। ऑन दा स्पॉट चालान भुगतान के लिए चालान बुक जिले के सभी थाना प्रभारियों को दे दी गई है। जो अपने एरिया में कभी भी नाका लगाकर यातायात रुल्स तोडऩे वालों के खिलाफ चालान काट सकते हैं। जबकि इससे पहले मात्र पांच ट्रैफिक इंस्पेक्टरों को ही चालान बुक दी गई थी। एएसआई से इंस्पेक्टर तक कोई भी कर्मचारी चालान काटने की पावर रखता है।
पहले चालान भुगतान के लिए लगते थे 5 दिन: इससे पहले जब भी किसी का चालान कटता था तो वाहन चालक को भुगतान के लिए जहां कम से कम 5 दिन इंतजार करना पड़ता वहीं घंटों डीटीओ आफिस में भुगतान के लिए कतार में खड़ा रहना पड़ता था। जब भी कोई ट्रैफिक इंस्पेक्टर किसी वाहन चालक का चालान काटता था तो चालान की कापी दे देता था। उसकी एवज में इंस्पेक्टर उस चालक का लाइसेंस या गाड़ी की आरसी रख लेता था। जिसके बाद यह चालक के डाक्यूमेंट दूसरे दिन चालान की डुपलीकेट कापी के साथ संग्लन होकर ट्रैफिक मुंशी के पास जाती है। वहां पर एंट्री होने पर अगले दिन वह चालान डीटीओ आफिस जाता है। जहां पर फिर से कंप्यूटर में एंट्री होने के बाद भुगतान होने पर असली डॉक्यूमेंट वाहन चालक को दे दिया जाता है।