पंजाब वॉरियर्स की शानदार जीत
स्पोट्र्स रिपोर्टर - चंडीगढ़
हॉकी इंडिया लीग में जेपी वॉरियर्स पंजाब ने मंगलवार को कलिंगा लांसर्स को 7-3 से रौंद कर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भुवनेश्वर में खेले गए मैच में हाफ टाइम तक पंजाब की टीम 5-0 की बढ़त बना कर जीत का आधार तैयार कर चुकी थी। मैच का पहला गोल छठे मिनट में फॉरवर्ड धर्मवीर सिंह ने किया। 23वें मिनट में पंजाब वॉरियर्स की टीम को पेनल्टी कॉर्नर को मिला जिसे लुकास रे ने गोल में बदल स्कोर 2-0 कर दिया। दो गोल की बढ़त हासिल करने के बाद पंजाब की टीम ज्यादा आक्रमक हो गई।
29वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर संदीप सिंह ने गोल कर बढ़त 3-0 कर दी। 31वें मिनट में यूसुफ अफ्फान और 33वें मिनट में साइमन ऑर्चेड गोल कर टीम को 5-0 से आगे कर दिया। हाफ टाइम तक 5 गोल दाग कर पंजाब ने यह तय कर दिया था कि वह लीग में अपनी दूसरी जीत करने जा रही है।
हाफ टाइम के बाद कलिंगा की तरफ से 38वें मिनट में गोंजालों ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर टीम का खाता खोला। लेकिन 40वें मिनट में संदीप सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर फिर से दमदार गोल दाग कर पंजाब को 6-1 से आगे कर दिया। कलिंगा के लिए 43वें मिनट में गोंजालो ने और 60वें मिनट में मनदीप आंतिल ने गोल किए जबकि पंजाब की तरफ से 7वां गोल 51वें मिनट में कप्तान जेमी ड्वायर ने किया। धर्मवीर को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया जबकि कप्तान जेमी ड्वायर को गोल ऑफ द मैच के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
पंजाब के वॉरियर्स टॉप पर: लीग में पंजाब की टीम 11 अंक के साथ टॉप पहुंच गई। पंजाब ने अभी तक 3 मैच खेले हैं जिनमें 2 जीत और 1 के साथ उसने 11 अंक जुटा लिए। सरदार सिंह की कप्तानी वाली दिल्ली की टीम 2 मैचों के बाद 6 अंक के साथ दूसरे जबकि रांची की टीम 2 मैचों के बाद 6 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। रांची की गोल औसत माइनस 1 है जिसकी वजह से वह अभी तीसरे स्थान पर काबिज है। यूपी की टीम 5 अंक के साथ चौथे, मुंबई 1 अंक के साथ 5वें जबकि कलिंगा बिना कोई अंक लिए छठे स्थान पर है।