- Hindi News
- भाजपा अब 16 फरवरी के बाद बनाएगी प्रत्याशियों का पैनल
भाजपा अब 16 फरवरी के बाद बनाएगी प्रत्याशियों का पैनल
चंडीगढ़ - प्रदेश भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों का पैनल अब 16 फरवरी के बाद बनाएगी। इससे पहले कार्यकर्ताओं से लोकसभा क्षेत्रवार रायशुमारी की जाएगी। रायशुमारी का पहला चरण 28 जनवरी को पूरा हो चुका है। दूसरा चरण फरवरी के पहले सप्ताह में शुरू होगा।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता वीर कुमार यादव ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष प्रो. रामबिलास शर्मा ने प्रदेश चुनाव समिति के सभी सदस्यों को प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में भेजने का निर्णय किया है। ये सदस्य हर जिले में जाकर पार्टी, मोर्चा, प्रकोष्ठ के प्रमुख कार्यकर्ताओं से राय मशविरा करेंगे कि उनकी राय में किसे पार्टी का प्रत्याशी बनाया जाना चाहिए? पार्टी फिलहाल सभी 10 सीटों को लेकर चल रही है। हालांकि 2 सीटों पर भाजपा का हजकां से समझौता है, लेकिन ये 2 सीटें केंद्रीय नेतृत्व को तय करनी हैं।
लोकसभा की 10 सीटों पर हैं 100 दावेदार: प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों पर करीब 100 दावेदार हैं। प्रदेश चुनाव समिति की दिल्ली में हुई बैठक में इन दावेदारों के बारे में पहले कार्यकर्ताओं की राय लेने का फैसला किया गया था। इसके तहत 26 से 28 जनवरी तक सभी 284 मंडलों के बीएलए-2 और प्रमुख कार्यकर्ताओं से राय मशविरा किया जा चुका है।
बूथ समितियों के सम्मेलन 2 से: पार्टी प्रवक्ता के अनुसार सभी लोकसभा क्षेत्रों में 2 से 16 फरवरी तक कार्यकर्ता सम्मेलन रखे गए हैं। इनमें बूथ समितियों के कार्यकर्ता प्रमुख रूप से शामिल होंगे। इन सम्मेलनों में भी लोकसभा प्रत्याशियों के बारे में उनकी राय ली जाएगी। इसके बाद ही प्रत्याशियों के पैनल बनाने का काम शुरू किया जाएगा।