पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • वेरका बूथों पर अब सिर्फ पैक्ड सामान की ही हो सकेगी बिक्री

वेरका बूथों पर अब सिर्फ पैक्ड सामान की ही हो सकेगी बिक्री

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - चंडीगढ़
शहर के विभिन्न सेक्टरों में खुले वेरका मिल्क बूथों पर दूध और दूध से बनी आइट्म्स के अलावा कुछ पैक्ड सामान भी बेचा जा सकेगा। बाहर रखे मिल्क क्रेट भी इंफोर्समेंट स्टाफ नहीं उठाएगा। यह भरोसा निगम कमिश्नर वीपी सिंह ने डिप्टी मेयर देवेश मौदगिल और अकाली दल के पार्षद मलकीयत सिंह के साथ मिले वेरका मिल्क बूथ एसोसिएशन के पदाधिकारियों को दिया।
निगम के इंफोर्समेंट दस्ते की मंगलवार को चली ड्राइव से तंग आकर बुधवार को वेरका मिल्क बूथ एसोसिएशन के प्रधान ठाकुर सुखविंदर सिंह की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल अकाली दल के पार्षद मलकीयत सिंह के साथ डिप्टी मेयर देवेश मौदगिल से मिला। डिप्टी मेयर उन्हें साथ लेकर निगम कमिश्नर से मिले। मौदगिल और मलकीयत
सिंह ने कहा कि सभी लोग वेरका मिल्क बूथ पिछले कई सालों से चला रहे हैं। वेरका दूध और इससे बनी आइटम्स बेचने में मामूली कमीशन मिलता है। अगर रोज दूध के तीन पैकेट फट जाएं तो इनकम से ज्यादा नुकसान हो जाता है। ऐसे में इन सभी का पकड़ा गया सामान रिलीज किया जाए। दूध के अलावा बिस्कुट, ब्रेड और चिप्स पैकेट बेचने की इजाजत भी दी जाए। इन्हें बूथ के आगे सात-सात फुट टिन शेड बनाने की इजाजत दी जाए। उसके अलावा बनाए गए इंफ्रास्ट्रक्चर को ढहाया जाए। बूथों का किराया मिल्क प्लांट से उठाया जाए। सभी लोग बूथ का किराया मिल्क प्लांट को अदा कर रहे हैं।
इस पर निगम कमिश्नर वीपी सिंह ने एडिशनल कमिश्नर सुनील भाटिया को कह दिया कि वेरका बूथ वालों को जब्त किया सामान रिलीज किया जाए। बूथों में फोटोस्टेट, फैक्स और करियाना सामान बेचने की इजाजत नहीं दी जाएगी। न ही ब्रेड, समोसा आदि बनाने की इजाजत होगी। इनमें दूध और दूध से बनी आइटम्स के अलावा ब्रेड, बिस्कुट, चिप्स आदि पैक्ड सामान भी बेचा जा सकेगा।



हाउस में मसला उठने पर चली इंफोर्समेंट ड्राइव

निगम की हाउस मीटिंग में 31 दिसंबर को वेरका बूथ में चल रहे करियाना स्टोर, फोटोस्टेट और फैक्स मशीन का मामला कांग्रेस के पार्षद सतीश कैंथ ने उठाया था। इसके बाद एडिशनल कमिश्नर सुनील भाटिया ने तुरंत इंफोर्समेंट सुपरिंटेंडेंट को वेरका बूथों में ड्राइव चलाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मंगलवार को फिर निगम ने वेरका बूथ के आगे सरकारी लैंड पर रखे सामान को उठाने के निर्देश दे डाले। निगम ने चार ट्रक सामान उठाया। ऐसी ड्राइव को रोकने के लिए वेरका मिल्क बूथ एसोसिएशन फिर निगम कमिश्नर से मिली।

॥वेरका बूथों पर सिर्फ पैक्ड आइटम बेचने की इजाजत होगी। इनमें फैक्स और फोटोस्टेट का कारोबार नहीं कर सकेंगे। सरकारी लैंड पर सिर्फ मिल्क क्रेट ही रखे जा सकेंगे। उन्हें भी दोपहर के बाद बूथ में रखना होगा।

-वीपी सिंह, नगर निगम कमिश्नर