पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • राजनीतिक साजिश का नतीजा है नगर पंचायत का विरोध : चीमा

राजनीतिक साजिश का नतीजा है नगर पंचायत का विरोध : चीमा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - रोपड़
रोपड़ के विधायक डॉ.दलजीत सिंह चीमा ने कहा है कि नूरपुरबेदी में नगर पंचायत का हो रहा विरोध पंचायत में शामिल गांवों की जनता का नहीं, बल्कि कांग्रेस की राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। सरकारी कॉलेज में पुरस्कार वितरण समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में डॉ.चीमा ने कहा कि जो पंचायत का विरोध कर रहे हैं वो नगर पंचायत चुनावों में हिस्सा लें और चुनाव जीतकर नगर पंचायत में प्रस्ताव डालकर नगर पंचायत को कानूनन भंग करें। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत को वो किसी कीमत पर भंग नहीं करवा सकते। क्योंकि दो गांवों सैनीमाजरा व नूरपुर की पंचायतों ने प्रस्ताव डालकर नगर पंचायत का गठन करवाया है। जबकि पहले चार गांवों को नगर पंचायत में शामिल करने की योजना थी।
दो गांवों बिलपुर व जेतेवाल की पंचायतों ने प्रस्ताव नहीं डाले इसलिए उन्हें नगर पंचायत में शामिल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि नूरपुरबेदी में नगर पंचायत का गठन विकास के मद्देनजर करवाया गया है और जब नगर पंचायत नहीं बनी थी तब कांग्रेस के नेता पहले ये कहकर विरोध करते रहे कि क्षेत्र विधायक नगर पंचायत बना नहीं पा रहे। जब अब नगर पंचायत बन गई है और करोड़ों रुपए के विकास कार्य शुरू हो गए हैं तो इसका विरोध किया जा रहा है। उन्होंने ये भी कहा कि जो नेता पूर्व विधायक डॉ.रमेश दत्त शर्मा, मास्टर जोगिंदर सैनी एवं इकबाल सिंह लालपुरा इस संघर्ष में अगुआई कर रहे हैं, वो खुद दोनों गांवों से संबंध नहीं रखते और बाहर से आकर राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। इस मौके पर संतोख वालिया, परमजीत सिंह माक्कड़, बावा सिंह भी मौजूद थे।