निकासी के प्रबंध व मुआवजे का भरोसा दिया
भास्कर न्यूज - लालडू
गांव धर्मगढ़ में बरसात के पानी की चपेट में आई करीब १५० एकड़ में दो दर्जन किसानों की गेहूं की फसल देखने के लिए नायब तहसीलदार डेराबस्सी तरसेम मित्तल ने बुधवार को मौके का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित किसानों को जल्द समाधान का विश्वास भी जताया। मित्तल ने किसानों के साथ बातचीत करने के उपरांत बताया कि वे बरसात के पानी से खराब हुई गेहूं की फसल की रिर्पोट डिप्टी कमिश्नर मोहाली को भेजेंगे तथा ड्रेनेज विभाग के अधिकारियों को पानी के निकास के प्रबंध करने के आदेश दिए हैं। कल तक ड्रेनज विभाग पानी के निकास के जरूरी प्रबंध कर देगा। यह भी बताया कि आसपास की सड़कों पर बनी कुछ पुलियों को जरूरत अनुसार बड़ा किया जाएगा ताकि पानी का निकास सही ढंग से हो सके। इस मौके पर किसानों ने मित्तल को बताया कि उनकी यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है और बरसाती पानी का निकास न हो पाने के कारण हर वर्ष उनकी फसलें खराब हो जाती है। इस मौके पर कानूनगो शुभकरन, पटवारी चरनजीत सिंह, राजीव कुमार, सरपंच माघ सिंह, ब्लाक समिति सदस्य सुरिंदर सिंह धर्मगढ़, पूर्व सरपंच हरबंस सिंह, मास्टर कर्म सिंह आदि भी मौजूद थे ।
धर्मगढ़ में पानी में डूबी फसल के प्रभावित किसानों से जानकारी लेते हुए नायब तहसीलदार तरसेम मित्तल।
गांव धर्मगढ़ में बरसाती पानी की चपेट में आई १५० एकड़ जमीन में खराब फसल का नायब तहसीलदार ने जायजा लिया