मेरा कुशल टंडन के साथ अफेयर नहीं है...
सिटी रिपोर्टर चंडीगढ़
मॉडल, एक्टर, डांसर और अब बिग बॉस-7 रिएलिटी शो की विनर। ये हैं गौहर खान जो जल्द ही कलर्स के रिएलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ में अपने बॉयफ्रेंड कुशल टंडन के साथ नजर आएगी। वीरवार को वे जुड़ी अपने देशभर के फैंस से एयरटेल के टॉक टू मी प्रोग्राम के तहत। इस बातचीत का कुछ हिस्सा यह रहा...
पहला फोन नागपुर के अनूप का आया। नागपुर का नाम सुनते ही गौहर बोली, मुझे वहां के संतरे बेहद पसंद है। इसपर अनूप ने कहा, मैडम कभी यहां आओ या फिर मुझे यह बताओ की आपसे मुंबई में कैसे मुलाकात होगी। वे बोली, अभी मैं एक महीने के लिए खतरों की खिलाड़ी की शूटिंग के लिए आउट ऑफ कंट्री जा रही हूं। रहा सवाल मुंबई में मिलने का तो कभी कहीं मिल गई तो हाय-हैलो कह देना। इसी बीच दूसरा कॉल जुड़ा पानीपत के श्याम अरोड़ा का। वे यह जानना चाहते थे कि गौहर और कुशल के बीच असली रिश्ता क्या है? उन्होंने पूछा क्या आज भी आपका अफेयर कुशल के साथ चल रहा है या टीवी में जो दिखा वह नाटक था। गौहर बोली, अरे ऐसा कुछ नहीं है। मेरा अफेयर नहीं चल रहा लेकिन हम दोनों एक दूसरे को अच्छे से जान और समझ रहे हैं। मार्च में हम एक साथ रिएलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ में नजर आएंगे।’ बिग बॉस के अंदर की कहानी जानने की उत्सुकता हरियाणा की मीनू की थी। उनकी शिकायत अपनी फेवरेट स्टार से यह थी कि वे संग्राम सिंह को क्यों नहीं पसंद करती? गौहर ने कहा, ‘संग्राम की कुछ बातें पसंद नहीं आई। कई बार उन्होंने झूठ बोला इसलिए बात करना कम कर दिया। अभी सवाल का जवाब वे दे रही थी कि इतने में आवाज आई ‘मैं नाराज हूं और अब मुझे उनसे बात नहीं करनी।’ यह बिहार से सिमरन थी जो काफी देर से अपना नंबर आने का इंतजार कर रही थी। उनकी नाराजगी को शांत करने के लिए गौहर ने प्यार से हैलो कहा। इतना सुनते ही अपना गुस्सा भूल सिमरन उनसे बात करने लगी। उन्होंने बताया कि वे स्कूल में पढ़ती है और उन्हें बिग-बॉस का विनर बनाने के लिए अपनी सारी पॉकेट मनी खर्च कर वोट किया करती थी। सिमरन यह भी जानना चाहती थी कि अरमान कोहली को उन्होंने अच्छे से सबक क्यों नहीं सिखाया? वे बोली, अगर मैं उनकी तरह ही बन जाती तो मुझमें और उनमें अंतर क्या रहता। अंतिम कॉल कर्नाटक की सायरा बानो का था। हाउसवाइफ सायरा, गौहर की तरह बिग बॉस में हिस्सा लेकर जीतना चाहती थी।