पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • रिपब्लिक डे पर मिली तो नाम रख दिया ‘26’

रिपब्लिक डे पर मिली तो नाम रख दिया ‘26’

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - पंचकूला
रिपब्लिक डे पर जिले में जहां अलग-अलग जगह गणतंत्र दिवस समारोह मनाया जा रहा था, वहीं कालका की रेलवे कॉलोनी में उसी दिन तड़के लोगों को सड़क पर एक दिन की नवजात बच्ची बिना कपड़ों के मिली, जिसे किसी ने मरने के लिए छोड़ दिया था। सुबह करीब 7.30 बजे लोगों ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया।
सर्दी के कारण उसका शरीर ठंडा पड़ चुका था और शरीर में कोई हरकत नहीं थी। गंभीर हालत के चलते बच्ची को पंचकूला के जनरल अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू कर दिया है। 26 जनवरी को मिलने के कारण अस्पताल के स्टाफ ने बच्ची का नाम ‘26’ रख दिया है और उसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। इस बारे में पुलिस को भी जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल का पूरा स्टाफ कर रहा है पूरी देखभाल: नवजात बच्ची ‘26’ को 26 जनवरी को सुबह करीब 10.30 बजे पंचकूला के जनरल अस्पताल लाया गया। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक गोयल ने ऑक्सीजन लगाकर उसका ट्रीटमेंट शुरू किया। डॉ. गोयल ने बताया कि बच्ची का शरीर काफी ठंडा पड़ चुका था और हिलाने पर भी वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही थी। फिलहाल बच्ची को अस्पताल के सेकंड फ्लोर पर बने निकू वॉर्ड में एडमिट किया गया है। यहां उसकी पूरी देखभाल की जा रही है। बच्ची की हालत स्थिर है। डॉ. गोयल ने बताया कि चूंकि यह बच्ची अस्पताल में 26 जनवरी को लाई गई, इसलिए स्टाफ ने उसे ‘26’ नाम से पुकारना शुरू कर दिया है और अस्पताल का हर कर्मचारी उसका अच्छी तरह ध्यान रख रहा है, ताकि बिना मां-बाप की इस बच्ची को कोई परेशानी न हो।




गणतंत्र दिवस पर पंचकूला के जनरल अस्पताल लाए जाने के कारण स्टाफ ने दिया नाम

ऐ जिंदगी गले लगा ले: कालका में कोई सड़क पर मरने के लिए छोड़ गया था एक दिन की बच्ची