- Hindi News
- स्कूल से अब 7 साल का बिल वसूलेगा हुडा, नहीं लगा था मीटर
स्कूल से अब 7 साल का बिल वसूलेगा हुडा, नहीं लगा था मीटर
भास्कर न्यूज - पंचकूला
सेक्टर-19 के गवर्नमेंट सीनियर सेकंडरी स्कूल के पानी के बिल के मामले में स्कूल प्रबंधन ने बिल जमा कराने के लिए शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया है। हेड मास्टर अमीचंद ने बताया कि वीरवार सुबह वे हुडा के एसडीओ जेएस बेनीवाल से मिले और उन्हें बिल जल्द जमा कराने का भरोसा दिलाया। अमीचंद ने बताया कि उन्होंने स्कूल में दो दिन पहले ही जॉइन किया है। इस कारण उन्हें स्कूल के पानी के बिल के बारे में जानकारी नहीं थी। हुडा कर्मियों द्वारा अचानक स्कूल का पानी का कनेक्शन काटे जाने की बात कहे जाने पर उन्होंने बच्चों की पानी की दिक्कत को देखते हुए उन्हें कनेक्शन काटने से रोक दिया था। वहीं हुडा के एसडीओ जेएस बेनीवाल ने बताया कि फिलहाल स्कूल प्रबंधन को बिल की 10 प्रतिशत राशि जमा कराने को कहा गया है। इसके बाद वहां मीटर लगाया जाएगा। एक महीने में आने वाले बिल के आधार पर ही स्कूल से पिछले सात साल का पानी का बिल वसूला जाएगा। स्कूल प्रबंधन की ओर से पानी का बिल 7 साल से ज्यादा समय से नहीं दिया जा रहा था। नवंबर 2006 से जनवरी 2014 तक स्कूल प्रबंधन ने हुडा को पानी का बिल जमा नहीं कराया।
फ्लैट रेट चार्ज कर रहा था हुडा: स्कूल में पानी का मीटर न लगा होने के कारण विभाग द्वारा फ्लैट रेट चार्ज किया जा रहा था। इसके हिसाब से हुडा स्कूल प्रबंधन से 10 हजार रुपए प्रति माह के हिसाब से बिल चार्ज कर रहा था, जो काफी ज्यादा था। स्कूल का एरिया 6 कनाल है। हुडा के नियम के मुताबिक 6 कनाल एरिया का पानी का बिल करीब 6 हजार रुपए प्रतिमाह है, जबकि हुडा द्वारा स्कूल से 4 हजार रुपए ज्यादा यानी कुल 10 हजार रुपए प्रतिमाह बिल चार्ज किया जा रहा था।
हेडमास्टर ने कहा-जल्द भरेंगे बिल, उच्चाधिकारियों को लिखा।
हुडा के एसडीओ बोले-मीटर लगाकर पहले महीने के बिल के आधार पर की जाएगी वसूली।