- Hindi News
- मुंह दिखाने लायक नहीं रहेगी कांग्रेस: सेठ
मुंह दिखाने लायक नहीं रहेगी कांग्रेस: सेठ
भाजपाके जिला अध्यक्ष विशाल सेठ का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अविरल विचारधारा की तरह है। आने वाले समय में देश को उनके करिश्माई नेतृत्व का लाभ मिलेगा। जिस तरह भारत पोलियो मुक्त हुआ है, उसी तरह हरियाणा सहित अन्य 4 राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद देश कांग्रेस मुक्त हो जाएगा। भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की मीटिंग को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा संगठनात्मक पार्टी है। कार्यकर्ता भाजपा के लिए सर्वोपरि है। कांग्रेस और पंचकूला से उसके कुछ स्वयंभू प्रत्याशी उपचुनाव के परिणामों के आधार पर भाजपा को आइना दिखाने की बात कर रहे हैं, जबकि वे जानते हैं टू जी, थ्री जी और कोयला घोटाले में कांग्रेस का मुंह काला है। कांग्रेस को ज्यादा उछलने की जरूरत नहीं है, क्योंकि हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस मुंह दिखाने लायक नहीं रहेगी।
विशाल सेठ ने कहा कि हरियाणा के लोग संवेदनशील जरूर हैं, किन्तु उनकी राजनीतिक सोच गजब की है। हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, इनेलो और यहां तक की हजकां दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी। महागठबंधन हरियाणा के लोगों को बेवकूफ बनाने की चाल है। पंचकूला से भाजपा प्रत्याशी ज्ञानचंद गुप्ता संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं। उनकी विजय के लिए सभी कार्यकर्ता दिन-रात एक कर देंगे। मीटिंग में पंचकूला विधानसभा क्षेत्र के भाजपा के संगठन प्रभारी विधायक डाॅ. राजीव सैजल, कालका के प्रभारी बलदेव भंडारी, जिला महामंत्री अजय शर्मा, मीडिया प्रभारी विकास पाल, जिला उपाध्यक्ष अजय मित्तल, भाजपा आईटी प्रमुख गौरव गोयल, भाजपा के पूर्वी मंडल और पश्चिमी मंडल के कार्यकर्ताओं के अलावा भाजपा पदाधिकारियों ने भी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में अपने सुझाव रखे।