कुराली में 15 मिनट ट्रैफिक डायवर्ट
हाईवे-21 पर ट्रैफिक लाइट्स पर रोपड़ की ओर जा रहे मार्ग पर सुबह सवा दस बजे बैरिकेड्स लगा कर रोपड़, नवांशहर, अमृतसर की ओर जाने वाले ट्रैफिक को करीब 15 मिनट तक मोरिंडा मार्ग की ओर डायवर्ट कर रोपड़ की ओर भेजा। इसका कारण था रोपड़ के स्टेडियम में आयोजित होने वाला कबड्डी मैच। मंगलवार को रोपड़ स्टेडियम में कबड्डी मैच में पाकिस्तानी टीम ने हिस्सा लेना था और शिव सेना समर्थकों ने इस मैच का विरोध करने की घोषणा कुछ दिन पूर्व की थी। माना जा रहा है कि इसी के मद्देनजर प्रशासन ने अहतियात बरतते हुए अमृतसर से रोपड़ और चंडीगढ़ से रोपड़ स्टेडियम की ओर जाने वाले ट्रैफिक को कुराली से डायवर्ट कर वाया मोरिंडा रास्ते गुजारने की मंशा से ट्रैफिक पुलिस को हुक्म जारी तो किए पर मात्र 15 मिनट में ही बैरिकेड्स हटा ट्रैफिक सुचारू करने के हुक्म भी जारी कर दिए गए। ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज बावा सिंह का कहना था कि उन्होंने उच्चाधिकारियों के निर्देशों पर कुराली से रोपड़ जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह करीब सवा दस बजे बैरिकेड्स लगा कर रोपड़, अमृतसर जाने वाली बसों एवं ट्रकों को वाया मोरिंडा डायवर्ट कर दिया था पर यह डायवर्जन मात्र पंद्रह मिनट तक ही जारी रखा गया।