- Hindi News
- मोबाइल स्नैच करने वाले दो आरोपियों को पकड़ा
मोबाइल स्नैच करने वाले दो आरोपियों को पकड़ा
स्थानीयसिटीपुलिस की टीम ने शहर में मोबाइल स्नैच करने की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को मोबाइल फोन तथा स्नैचिंग में इस्तेमाल की जाने वाली बाइक सहित काबू करने में सफलता हासिल की है। एएसआई एवं केस के आईओ तलविंदर सिंह ने बताया कि कुछ दिन पूर्व शहर में हुई मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को हल करते हुए उनकी टीम ने स्थानीय बंगाला बस्ती से दो आरोपियों जसप्रीत सिंह और जगतार सिंह निवासी रडियाला को चोरी के मोबाइल एवं स्नैचिंग की वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक सहित गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व इन मोबाइल चोरों ने कुलदीप सिंह नामक व्यक्ति का मोबाइल उस वक्त छीन लिया था जब वो फोन पर किसी से बात कर रहा था। यह स्नैचर बाइक पर आए और अचानक कुलदीप सिंह के हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। मंगलवार रात आरोपियों के स्थानीय बंगाला बस्ती में होने की जानकारी पुलिस को मिली जिसके पश्चात पुलिस ने आरोपियों को मोबाइल एवं बाइक सहित काबू कर लिया, जिनकी शिनाख्त कुलदीप सिंह ने की कुलदीप सिंह के बयानों पर आरोपियों के खिलाफ धारा 382, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर उन्हें आज अदालत में पेश किया गया। यहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पूछताछ में स्नैचिंग की अन्य वारदातों के हल होने की भी संभावना है।